धूप सेंकने बांबियों से बाहर निकल आता है विशालकाय अजगर का जोडा, ग्रामीण भयभीत

कोलारस। खबर जिले के कोलारस अनुविभाग के पचावला गांव से आ रही है। जहां एक खेत में दो विशालकाय अजगर को देखा गया। 15 फीट लंबे अजगर के जोड़े के एक साथ देखे जाने की सूचना गांव में आग की तरह फैल गई। देखते-देखते ही ग्रामीणों की भीड़ अजगर के जोड़े को देखने उमड़ पड़ी। अजगर के जोड़े की सूचना ग्रामीणों द्वारा वन विभाग को दे दी गई है।
जानकारी के अनुसार हलकइया दांगी ने अपने खेत पर दो अजगर के जोड़े को चार दिन पहले देखा था। खेत मालिक हलकइया लोधी ने बताया कि इंदार नदी किनारे उसका खेत है यहां दो बड़ी-बड़ी अजगर सांप की बांविया है। कुछ दिनों से हर रोज अजगर का जोड़ा अपनी बांबी में से निकलकर दोपहर की धूप सेंकने बाहर आ जाते हैं। शाम ढलने से पहले अजगर जोड़ा स्वत भी अपनी बांबी में समा जाता हैं।
किसान हलकइया ने बताया कि जबसे क्षेत्र में दो अजगरों के विचरण की खबर फैली है। तभी से उसके खेत पर ग्रामीण अजगर के दर्शन करने के नाम पर पहुच रहें हैं। कई बार गांव के बच्चों की टोली भी खेत पर अजगर देखने पहुंच चुकी है। ऐसे में जान का खतरा बना रहता है। कोई भी घटना घटित न हो जाए इसलिए उन्हें ज्यादातर समय खेत पर व्यतीत करना पड़ रहा है।
पूर्व सरपंच गोविंद सिंह दांगी ने बताया कि 15 फीट के 2 अजगर पिछले चार दिनों से पचावला गांव के किसानों के खेतों में घूमते हुए दिखाई दे रहे हैं। रात के अंधेरे में किसान खेतों में पानी देने जाते हैं। इसके अतिरिक्त दोपहर के समय किसानों के मवेशी भी खेतों पर चारा चरने के लिए जाते हैं। जिससे जान माल के खतरे की आशंका बनी रहती है। वन विभाग को इस बारे में अवगत करा दिया है। जिससे जल्द से जल्द दोनों अजगरों का यहां से रेस्क्यू किया जा सके। उन्हें सुरक्षित जंगल में छोड़ा जा सके। जिससे किसान भयमुक्त अपने खेतों पर आ-जा सके।
