भदैया कुंड पर महिला और उसके दोस्त से मारपीट, बेल्ट से पीटने का वीडियो आया सामने; पति पर केस दर्ज

शिवपुरी। शहर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल भदैया कुंड पर एक महिला और उसके दोस्त के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला के पति ने अपने चचेरे भाई के साथ मिलकर दोनों की बेल्ट से पिटाई की। घटना का वीडियो बुधवार को सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया। महिला की शिकायत पर फिजिकल थाना पुलिस ने उसके पति के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
दोस्त के साथ घूमने पहुंची थी महिला
जानकारी के अनुसार, पूजा मंगलवार दोपहर अपने एक दोस्त के साथ भदैया कुंड घूमने पहुंची थी। इसी दौरान वहां उसका पति गोविंद मिल गया। पत्नी को दूसरे युवक के साथ देखकर वह नाराज हो गया। आरोप है कि इसके बाद गोविंद ने अपने चचेरे भाई के साथ मिलकर महिला और उसके दोस्त के साथ मारपीट शुरू कर दी।
बताया गया है कि महिला के दोस्त के पैर बांध दिए गए और फिर दोनों की बेल्ट से पिटाई की गई। घटना के सामने आए वीडियो में दो युवक एक महिला और युवक को बेल्ट से मारते दिखाई दे रहे हैं।
सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और संबंधित लोगों को फिजिकल थाने ले गई।
पहले से चल रहा था पति-पत्नी के बीच विवाद
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। इसके बाद महिला कुछ दिनों से अपने मायके में रह रही थी। मंगलवार को भदैया कुंड पर पति-पत्नी का आमना-सामना हुआ, जिसके बाद कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
पुलिस ने पति के खिलाफ दर्ज किया मामला
फिजिकल थाना प्रभारी अवनीश सिंह राठौड़ के अनुसार, महिला की शिकायत पर गोविंद के खिलाफ मारपीट से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की ओर से शांति भंग करने के मामले में बुधवार को उसे जेल भेजने की कार्रवाई भी की जा रही थी।
पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
