शिवपुरी में धूमधाम से मना विजयादशमी पर्व, तीन स्थानों पर हुआ रावण दहन; गांधी पार्क में पहली बार जला मेघनाद का पुतला

शिवपुरी। शहर में मंगलवार को विजयादशमी का पर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के तीन प्रमुख स्थानों पर रावण दहन के कार्यक्रम आयोजित किए गए। गांधी पार्क में 70 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। खास बात यह रही कि यहां पहली बार रावण के साथ मेघनाद का पुतला भी जलाया गया। वहीं, सिद्धेश्वर मंदिर मैदान में 45 फीट और काली माता मंदिर मैदान में 40 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन हुआ। कार्यक्रमों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
सिद्धेश्वर मैदान में 73 वर्षों से चली आ रही परंपरा
सिद्धेश्वर मंदिर मैदान में पंजाबी परिषद की ओर से रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। परिषद पिछले 73 वर्षों से इस परंपरा को लगातार निभाती आ रही है। इस बार मैदान में 45 फीट ऊंचा रावण का पुतला तैयार किया गया था, जबकि पिछले वर्ष 51 फीट के पुतले का दहन किया गया था। इस बार भी पुतला बनाने का कार्य आजाद खान ने किया।
रावण दहन से पहले भगवान श्रीराम और रावण के बीच युद्ध का मंचन किया गया। इसके बाद आनंदपुर कुटिया जल मंदिर से चल समारोह निकाला गया, जो हंस बिल्डिंग, ओरिएंटल बैंक, धर्मशाला रोड, मिर्ची बाजार और माधव चौक से होते हुए सिद्धेश्वर मैदान पहुंचा।
इस आयोजन में कलेक्टर अर्पित वर्मा और पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया भी शामिल हुईं। मैदान में मौजूद लोगों ने उत्साह के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया।
गांधी पार्क में रावण के साथ मेघनाद का भी दहन
गांधी पार्क में मानव वेलफेयर सोसायटी द्वारा रावण दहन का आयोजन किया गया। यहां 70 फीट ऊंचा रावण का पुतला बनाया गया था। इस वर्ष कार्यक्रम में एक नई पहल करते हुए पहली बार मेघनाद का पुतला भी तैयार किया गया, जिसका रावण के साथ दहन किया गया।
भगवान श्रीराम की भूमिका निभा रहे कलाकारों ने पुतलों का दहन किया। इस विशेष आयोजन को देखने के लिए गांधी पार्क में लोगों की अच्छी-खासी भीड़ जुटी।
काली माता मंदिर मैदान में 40 फीट के रावण का दहन
काली माता मंदिर मैदान में नृसिंग समिति की ओर से दशहरा उत्सव मनाया गया। यहां 40 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। समिति ने पिछले वर्ष भी इसी ऊंचाई के पुतले का दहन किया था। कार्यक्रम के दौरान लोगों में पर्व को लेकर उत्साह देखने को मिला।
दशहरे पर वाहनों और मशीनों की हुई पूजा
विजयादशमी के अवसर पर शहर में धार्मिक आयोजनों के साथ पूजा-अर्चना का सिलसिला भी जारी रहा। लोगों ने अपने वाहनों, मशीनों और कार्यस्थलों पर विधि-विधान से पूजा की। कई परिवारों ने दशहरे के शुभ अवसर पर नए वाहन खरीदे।
ऑटोमोबाइल शोरूम में ग्राहकों की भीड़ देखने को मिली। वहीं, लोगों ने अपने वाहनों को सजाने के लिए फूल-मालाएं खरीदीं। इस तरह शहर में विजयादशमी का पर्व धार्मिक आस्था, परंपरा और उत्साह के साथ मनाया गया।
