तलाक की बात पर युवक से मारपीट, गले पर धारदार वस्तु से हमला; तीन आरोपियों पर केस दर्ज

शिवपुरी। शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र में तलाक की मांग को लेकर हुए विवाद में एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन लोगों ने युवक को गाली-गलौज करते हुए पीटा और उसके गले पर लोहे की धारदार वस्तु से हमला कर दिया। घटना में युवक घायल हो गया। उसकी शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पत्नी से तलाक मांगने पर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, कमलागंज निवासी जीतू प्रजापति (30) ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी पिछले दो वर्षों से प्रशांत यादव के साथ रह रही है, लेकिन दोनों के बीच तलाक नहीं हुआ है। जीतू द्वारा पत्नी से तलाक मांगे जाने को लेकर विवाद चल रहा था।
घर के बाहर खड़े युवक पर हमला
जीतू के मुताबिक, वह अपने घर के बाहर खड़ा था, तभी अंकित झींगा, प्रशांत यादव और नरेंद्र चौरसिया वहां पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर प्रशांत यादव और नरेंद्र चौरसिया ने उसे जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से मारपीट की। इसी दौरान अंकित झींगा ने लोहे की धारदार वस्तु से उसके गले पर वार कर दिया, जिससे चोट लगने के बाद खून बहने लगा।
घटना के समय जीतू की मां फूलवती और भाई दीपक भी मौके पर मौजूद थे। दोनों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के बाद जीतू ने फिजिकल थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
