BIRTH DAY पर इन दो मनचलों ने जबरन भर दिया था BA की छात्रा की मांग में सिंदूर, मां बोली BIRTH DAY पर खून की उल्टियां करती रही

शिवपुरी। बीते दिनों अपने जन्मदिन पर जिंदगी की जंग हारी बीए की छात्रा की मौत के बाद अब बेटी की मां ने बेटी के कातिलों पर गंभीर आरोप लगाए है। पीडिता की मां ने बताया है कि बीते 2 जनवरी को बेटी का जन्मदिन था। वह बहुत खुश थी। सुबह मुझसे फोन पर कहा था कि मम्मी मैं केक लेने जा रही हूं। दोस्तों के साथ बर्थडे मनाऊंगी। तभी रास्ते में 2 युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। जबर्दस्ती उसकी मांग में सिंदूर भर दिया। बेटी इतनी सहम गई कि उसने कीटनाशक पी लिया। खून की उल्टियां करने लगी। उसे अस्पताल ले गए, जहां उसने दम तोड़ दिया। ये दर्द उस मां का है, जिसकी 18 साल की बेटी ने सुसाइड कर लिया।

मृतिका छात्रा की मां ने बताया कि बेटी पढ़ने में बहुत अच्छी थी। 12वीं पास कर बीए फर्स्ट ईयर में दाखिला लिया था। शहर में कमरा दिलाकर पढ़ाई करवा पाएं, इतनी हमारी हैसियत नहीं थी। हम चाहते थे कि उसे गांव ही बुला लें। ये बात जब उसके फूफा को पता चली, तो वह घर आए। कहा कि बिटिया हमारे साथ घर पर रह सकती है। इस बात से उसके चाचा भी राजी हो गए। उन्होंने भी पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए हामी भर दी। बेटी का ईसागढ़ के एक कॉलेज में एडमिशन हो गया। साथ ही, वह कम्प्यूटर कोर्स भी कर रही थी।

छात्रा की मां ने बताया है कि गांव के ही दो युवकों ने उससे छेड़छाड कर उसकी मांग में सिंदूर हो गया। इससे आहत बेटी ने सुसाइड कर लिया। मां ने बताया है कि 2 जनवरी को बेटी का जन्मदिन था। वह ईसागढ़ में ही थी। सुबह फोन पर बात हुई थी। वह बहुत खुश थी। बेटी ने कहा था कि केक काटकर कॉलेज की दोस्तों के साथ वह बर्थडे मनाएगी। अभी केक लेने जा रही है। सुबह 10 बजे बेटी दोस्त के साथ केक लेने ईसागढ के रेस्टोरेंट गई थी।

यहां गांव का रहने वाले शिवेंद्र लोधी उम्र 20 साल और रोमेश लोधी उम्र 20 भी पहुंच गए। वे बेटी के साथ छेड़छाड़ करने लगे। मना किया तो रोमेश ने जबरदस्ती उसकी मांग में सिंदूर भर दिया। बेटी ने तुरंत फूफा को फोन कर पूरी बात बताई। फूफा पहुंच गए। वहां दोनों युवकों से उनकी हाथापाई भी हो गई। दोनों धमकी देकर भाग गए। बेटी लगातार रो रही थी। घर पहुंचते ही कीटनाशक पी लिया

फूफा ने फोन पर हमें इसकी जानकारी दी। मैं अपने बेटे के साथ ईसागढ़ गई। बेटी की मांग सिंदूर से भरा था। वह रोते-रोते बस गांव आने की जिद कर रही थी। मैं अपने साथ बेटी को वापस गांव ले आई। घर पर मैंने उसे आराम करने के लिए कहा। मैं खेत पर चली गई। इसी दौरान, बेटी ने घर में रखी इल्ली मारने की दवा पी ली। थोड़ी देर बाद चाचा का बेटा उसके पास गया। बेटी ने उसे बताया कि मुझे अब जीना नहीं है।

भतीजे ने आकर मुझे ये बात बताई, तो मैं भागकर घर गई। बेटी खून की उल्टियां कर रही थी। मैं घबरा गई। उसे तुरंत रन्नौद स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां से शिवपुरी रेफर कर दिया। शिवपुरी के एक निजी अस्पताल में दिखाने के बाद रात 12 बजे मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया। 3 जनवरी को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

लड़की के चाचा का कहना है कि पीड़िता के भाई ने शिवेंद्र के परिजनों से कुछ कह दिया था। इसके बाद जब भतीजी की बॉडी ला रहे थे, तभी शिवेंद्र के परिजनों ने उनके साथ मारपीट की। पुलिस से शिकायत भी की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।

शिवपुरी के मायापुर के गांव का रहने वाली पीड़िता माता-पिता और भाई के साथ रहती थी। पिता 2 बीघा जमीन और मजदूरी के बलबूते एक दस बाई दस के मकान में रहकर परिवार पालता था। माता-पिता का सपना था कि वह बच्चों की पढ़ाई-लिखाई में कभी गरीबी को आड़े नहीं आने देंगे। यही वजह रही कि उन्होंने कभी भी बच्चों को पढ़ाई के लिए नहीं रोका। गांव से बाहर बेटी को पढ़ाई भेजा।

बिलखती मां ने बताया कि बेटी पढ़ाई में अव्वल थी। उसे शासन की योजनाओं का लाभ मिलने लगा था। हर क्लास में फर्स्ट आती थी। आठवें तक गांव में ही पढ़ाई की थी। इसके बाद उसे अशोकनगर जिले के ईसागढ़ के शासकीय स्कूल और कन्या छात्रावास में दाखिला मिल गया था। बेटी ने छात्रावास में रहकर 12वीं तक कि पढ़ाई की। बेटी ने 10वीं कक्षा में 72% तो 12वीं कक्षा में 64% अंक हासिल किए। बेटा पढ़ाई में होशियार नहीं था, इस वजह से उसे गांव में ही रखा था।

लड़की के परिजनों का कहना है कि उसने गांव के शिवेंद्र और रोमेश के बारे में कभी नहीं बताया था। हो सकता है कि वह लगातार छेड़छाड़ करते रहते हों। पढ़ाई छूटने और घर वापसी के डर से उसने नहीं बताया हो। मायापुर थाना प्रभारी पूनम सविता का कहना है कि लड़की की मौत मेडिकल कॉलेज में हुई है। सुसाइड का मामला दर्ज किया है। परिजनों के बयान लेने बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *