शिवपुरी: सेंट्रल बैंक का शटर उठाकर चोरी की कोशिश, CCTV में कैद हुए तीन संदिग्ध

शिवपुरी। शहर के एमएम चौराहे पर स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में चोरी का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्ध युवक सरिया और जैक की मदद से बैंक का शटर उठाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। शुक्रवार सुबह शटर आधा खुला मिलने पर बैंक प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। हालांकि, बैंक के अंदर लगे ताले सुरक्षित मिले और किसी सामान के चोरी होने की जानकारी नहीं मिली।
सुबह आधा खुला मिला बैंक का शटर
शाखा प्रबंधक प्रशांत खरे के अनुसार, 15 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे बैंक बंद किया गया था। अगले दिन सुबह लगभग 8:30 बजे बैंक भवन के मालिक वैभव उपाध्याय ने फोन कर मुख्य शटर आधा उठा होने की जानकारी दी।
इसके बाद प्रशांत खरे बैंक पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। जांच के दौरान मुख्य शटर उठा हुआ मिला, लेकिन अंदर के ताले बंद और सुरक्षित थे। बैंक से कोई सामान गायब नहीं पाया गया।
रात करीब 3:40 बजे पहुंचे थे तीन युवक
बैंक के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखने पर सुबह करीब 3:40 बजे तीन युवक बैंक के बाहर नजर आए। उनकी उम्र लगभग 25 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। फुटेज में संदिग्ध सरिया और जैक की सहायता से शटर उठाने का प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं।
मामले की सूचना पुलिस को दिए जाने के बाद शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए संदिग्धों की पहचान करने और घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाने में जुटी है।
