पति से विवाद के बाद कुएं में कूदी महिला, सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की रखी शर्त

शिवपुरी। जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के सहरिया गांव में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद एक महिला के कुएं में कूदने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि महिला ने कुएं से बाहर आने के लिए पति के सामने सबके बीच माफी मांगने की शर्त रख दी। करीब आधे घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद पति ने ग्रामीणों के सामने हाथ जोड़कर और कान पकड़कर माफी मांगी, जिसके बाद महिला कुएं से बाहर आने के लिए तैयार हुई।
कहासुनी के बाद कुएं में लगाई छलांग
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर महिला स्कूल के पास स्थित गहरे कुएं में कूद गई। पत्नी को बचाने के लिए पति ने तत्काल कुएं में रस्सी डाली, लेकिन महिला बाहर निकलने को तैयार नहीं हुई।
महिला ने कथित तौर पर कहा कि जब तक उसका पति ग्रामीणों के सामने हाथ जोड़कर माफी नहीं मांगेगा, तब तक वह कुएं से बाहर नहीं आएगी। काफी देर तक समझाने के बाद पति ने उसकी शर्त मान ली। इसके बाद महिला को कुएं से बाहर निकाला गया।
परिवार में अक्सर विवाद होने की बात आई सामने
ग्रामीणों के मुताबिक, महिला का पति जितेंद्र वंशकार खेती-किसानी करता है। परिवार में बुजुर्ग माता-पिता के अलावा तीन बेटियां और एक बेटा हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। आरोप है कि पति पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था और कई बार घर के दरवाजे पर बाहर से ताला लगा देता था। हालांकि, इन बातों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस को शिकायत का इंतजार
दिनारा थाना प्रभारी रवींद्र कुशवाहा के अनुसार, फिलहाल महिला या उसके परिवार की ओर से पुलिस थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। उन्होंने बताया कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
