शिवपुरी के सतनवाड़ा में फूटी पानी की पाइपलाइन, 20 फीट ऊंचा उठा फव्वारा; हजारों लीटर पानी बहा

शिवपुरी। जिले के सतनवाड़ा क्षेत्र में शुक्रवार को पानी की पाइपलाइन में खराबी आने से तेज धार के साथ पानी बाहर निकलने लगा। पानी का फव्वारा करीब 20 फीट ऊंचाई तक पहुंच गया। काफी देर तक पानी बहने से बड़ी मात्रा में जल बर्बाद हुआ।
सिंध जलावर्धन योजना की पाइपलाइन होने की चर्चा
घटना के बाद शुरुआत में पाइपलाइन को सिंध जलावर्धन योजना से जुड़ा माना गया। इससे शहर की पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई जाने लगी। हालांकि, नगर पालिका ने स्पष्ट किया कि संबंधित पाइपलाइन जल निगम विभाग की है।
नगर पालिका के एसई राकेश धाकड़ ने बताया कि यह पाइपलाइन जल निगम के अंतर्गत आती है। वहीं, जल निगम के अधिकारी अन्नत शर्मा के अनुसार, दोनों पाइपलाइनों की टेस्टिंग की जा रही है।
टेस्टिंग के दौरान निकला ज्वाइंट का कॉलर
अधिकारी के मुताबिक, शुक्रवार को परीक्षण के दौरान पाइपलाइन के ज्वाइंट पर लगा एमके कॉलर निकल गया। इसके चलते पानी तेज दबाव से बाहर निकलने लगा और ऊंचा फव्वारा बन गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मोटर बंद करवा दी गई, जिससे पानी का बहाव रोका जा सका। इस घटना के दौरान बड़ी मात्रा में पानी बहकर बर्बाद हो गया।
