swatantrashivpuri 6

शिवपुरी: नेशनल हाईवे-46 पर ट्रक रोककर लूट का आरोप, नकदी-डीजल और चने की बोरियां ले जाने की शिकायत

swatantrashivpuri 6
swatantrashivpuri 6

बदरवास। शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-46 स्थित मांगरोल ब्रिज के पास ट्रक को रोककर लूट की कथित वारदात सामने आई है। ट्रक चालक ने आरोप लगाया कि सफेद रंग की बिना नंबर प्लेट वाली डस्टर कार में सवार चार लोगों ने हथियार दिखाकर उसे और हेल्पर को नीचे उतार लिया। इसके बाद नकदी, डीजल और चने के बीज की बोरियां लेकर फरार हो गए। हालांकि, पुलिस ने शुरुआती जांच में मामले को संदिग्ध बताया है।

रात 3:30 बजे ट्रक रोकने का आरोप

ट्रक चालक अंकित चौहान, निवासी कानपुर, के अनुसार वह झांसी से ट्रक में चने का बीज भरकर सीहोर जा रहा था। उसके साथ हेल्पर वीरेंद्र अहिरवार भी था। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 3:30 बजे मांगरोल ब्रिज के पास एक सफेद डस्टर कार ने ट्रक के आगे वाहन लगाकर उसे रोक लिया।

चालक का आरोप है कि कार से चार लोग उतरे। उनमें से एक ट्रक में चढ़ा और उसकी छाती पर कट्टा अड़ाकर उसे नीचे उतार लिया। वहीं, दूसरे व्यक्ति ने हेल्पर को हथियार दिखाकर अपने कब्जे में कर लिया। इस दौरान अन्य लोग ट्रक से सामान निकालने लगे।

नकदी, 170 लीटर डीजल और चने की बोरियां ले जाने का दावा

शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने चालक की जेब से करीब 6,500 रुपये निकाल लिए। इसके अलावा ट्रक के डीजल टैंक से लगभग 170 लीटर डीजल और चने के बीज की 15 से 20 बोरियां भी निकालकर कार में रख लीं।

चालक ने बताया कि आरोपी उसे जान से मारने की धमकी दे रहे थे। इसी दौरान पीछे से एक अन्य ट्रक वहां पहुंचा। दूसरे ट्रक को आते देख कार सवार मौके से फरार हो गए। घटना के बाद चालक ने बदरवास थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मामले को बताया संदिग्ध

बदरवास थाना प्रभारी नवीन यादव के मुताबिक, शुरुआती तौर पर मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि पहले भी इस तरह की घटनाओं से जुड़े मामले सामने आए थे, जिनकी जांच में अलग तथ्य मिले थे।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच और संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी के अनुसार, जांच के निष्कर्षों के आधार पर एफआईआर दर्ज करने के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *