शिवपुरी: सांप के डसने से 35 वर्षीय किसान की मौत, दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

खनियांधाना। शिवपुरी जिले के खनियांधाना थाना क्षेत्र के सिलपुरा गांव में जहरीले सांप के काटने से 35 वर्षीय किसान पदम सिंह कुशवाह की मौत हो गई। घटना सोमवार सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है। पदम सिंह घर में सो रहे थे, तभी सांप ने उनकी पीठ पर डस लिया। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
जिला अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार, पदम सिंह कुशवाह अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान एक जहरीले सांप ने उनकी पीठ पर काट लिया। घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल खनियांधाना स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
छह बहनों के इकलौते भाई थे पदम सिंह
पदम सिंह खेती-किसानी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। वह छह बहनों के इकलौते भाई थे। उनकी मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया।
बताया गया है कि उनकी पत्नी करीब पांच साल पहले उन्हें छोड़कर चली गई थी। इसके बाद से पदम सिंह अकेले ही अपने बेटे और बेटी की परवरिश कर रहे थे। अब पिता की मौत के बाद दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस दुखद घटना से गांव में शोक का माहौल है।
