शिवपुरी: कोलारस में घर के बाहर खड़ा लोडिंग वाहन चोरी, सुबह मंडी जाने पर हुआ पता

कोलारस। शिवपुरी जिले के कोलारस कस्बे में वाहन चोरी का मामला सामने आया है। राई रोड पर घर के बाहर खड़ा तीन पहिया लोडिंग वाहन अज्ञात चोर चुरा ले गए। सुबह सब्जी मंडी जाने के लिए उठे वाहन मालिक को जब वाहन नहीं मिला, तो उन्होंने आसपास तलाश की। कोई सुराग नहीं मिलने पर कोलारस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
जानकारी के अनुसार, नंदू कुशवाह रविवार रात करीब 1 बजे मोहराई से सामान छोड़कर घर लौटे थे। इसके बाद उन्होंने अपना लोडिंग वाहन क्रमांक MP 33 L 3662 रोज की तरह घर के बाहर खड़ा कर दिया।
सोमवार सुबह करीब 5 बजे जब वह सब्जी मंडी जाने के लिए उठे, तो वाहन अपनी जगह से गायब था। उन्होंने आसपास के इलाकों में वाहन की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
2019 से घर के बाहर खड़ा कर रहे थे वाहन
वाहन मालिक नंदू कुशवाह के मुताबिक, वह वर्ष 2019 से लगातार अपना वाहन घर के बाहर ही खड़ा करते आ रहे हैं। घटना वाली रात भी आसपास अन्य वाहन खड़े थे, लेकिन अज्ञात चोर उनका लोडिंग वाहन चोरी कर ले गए।
दिनभर तलाश करने के बाद भी वाहन नहीं मिलने पर उन्होंने कोलारस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
