शिवपुरी में रघुवंशी ट्रेवल्स की बस पलटी, बड़ा हादसा: 40 से ज्यादा यात्री सवार; महिलाओं और बच्चों समेत कई घायल

शिवपुरी। जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर माढ़ा घाटी पर यात्रियों से भरी एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। रघुवंशी ट्रेवल्स की बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और पलट गई। बस में 40 से अधिक यात्री सवार बताए गए हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
रन्नौद से राजापुर जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बस क्रमांक MP 08 P 0459 रन्नौद से राजापुर की ओर जा रही थी। रास्ते में माढ़ा घाटी के पास चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसके बाद बस सड़क से नीचे उतरकर पलट गई।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को बस से बाहर निकालने के बाद उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
महिलाओं और बच्चों समेत कई यात्री घायल
हादसे में सुधा आदिवासी (15), उसकी मां जानकी आदिवासी, फुलगिरी, रक्षा पारदी, दिव्यांश, रामदिया और इमरत सहित कई यात्री घायल हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, फूलवती, रक्षा, दिव्यांश और रामदिया को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जबकि अन्य घायलों का इलाज नजदीकी अस्पताल में कराया गया। दुर्घटना के बाद यात्रियों और उनके परिजनों में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
सड़क और बस की फिटनेस पर उठे सवाल
बस पलटने की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। शुरुआती जानकारी में घाटी की सड़क पर गड्ढों और बस की फिटनेस को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि, हादसे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि दुर्घटना चालक के नियंत्रण खोने, सड़क की स्थिति, वाहन की तकनीकी खराबी या किसी अन्य वजह से हुई।
