शादी का झांसा देकर प्रेमिका से RAPE:ब्लेकमेंलिंग बाली ID चलवाने का बना रहा था दवाब

शिवपुरी। जिले के करैरा में एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में 25 वर्षीय संजीव राजपूत को गिरफ्तार किया है। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसे अपने साथ रखने का भरोसा दिलाया, लेकिन बाद में साथ रखने से इनकार कर दिया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उस पर आपत्तिजनक गतिविधियों से जुड़ी आईडी चलाने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर उसे और उसके बेटे को जान से मारने की धमकी दी गई। कार्रवाई की मांग को लेकर महिला अपने बेटे के साथ कलेक्टर की जनसुनवाई में भी पहुंची थी।
रिश्ते के चलते टूटी पहली शादी, बाद में साथ छोड़ने का आरोप
पीड़िता के अनुसार, संजीव राजपूत पुत्र हरभान राजपूत उसे अपने साथ ले गया था। महिला का कहना है कि इस रिश्ते के चलते उसकी पहली शादी टूट गई और तलाक हो गया। बाद में आरोपी ने उसे साथ रखने से मना कर दिया। इसके बाद महिला अपने बेटे के साथ करैरा में किराए के मकान में रहने लगी, जबकि संजीव अपने गांव जुझाई चला गया।
महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि संजीव उस पर ऐसी आईडी संचालित करने का दबाव डाल रहा था, जिसका इस्तेमाल कथित रूप से अश्लील गतिविधियों के लिए किया जाना था। महिला के मुताबिक, उसकी बात नहीं मानने पर उसे और उसके बेटे को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। पीड़िता ने अपने साथ हुए कथित शारीरिक शोषण को लेकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
शिकायत के अगले दिन पुलिस की कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, महिला ने 8 अक्टूबर को करैरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने आरोप लगाया कि 16 सितंबर से संजीव शादी का झांसा देकर उसे किराए के मकान में रख रहा था और उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था। बाद में वह उसे छोड़कर चला गया।
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 706/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 में प्रकरण दर्ज किया। इसके बाद 9 अक्टूबर को पुलिस ने आरोपी संजीव राजपूत को ग्राम जुझाई से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। महिला की ओर से लगाए गए आरोपों पर अंतिम निर्णय न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगा।
