swatantrashivpuri

मक्के की फसल के बटवारें को लेकर हत्या: बडे भाई ने छोटे भाई की कुल्हाडी मारकर हत्या कर दी

swatantrashivpuri

शिवपुरी। जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के रिजौदा गांव में जमीन और मक्के की फसल के बंटवारे को लेकर दो सगे भाइयों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। शुक्रवार को खेत में ट्रैक्टर पर बैठे छोटे भाई घनश्याम रघुवंशी (26) की उसके बड़े भाई चंद्रभान रघुवंशी (34) ने कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

छह महीने पहले हुआ था जमीन का बंटवारा

जानकारी के अनुसार, रिजौदा गांव निवासी चंद्रभान रघुवंशी और घनश्याम रघुवंशी के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। करीब छह महीने पहले दोनों के बीच जमीन का बंटवारा हो चुका था, लेकिन खेत में बोई गई मक्के की फसल के बंटवारे को लेकर विवाद बाकी था।

घनश्याम अविवाहित था। बड़े भाई का अपनी मां के साथ भी विवाद होता था। इसी वजह से घनश्याम अपनी मां के साथ गुना में रहने लगा था। मक्के की फसल के बंटवारे के सिलसिले में वह गुरुवार को रिजौदा गांव पहुंचा था।

बड़े भाई के घर खाना खाया, वहीं बिताई रात

गांव पहुंचने के बाद घनश्याम अपने बड़े भाई चंद्रभान उर्फ चंदा रघुवंशी के घर गया। उसने वहां खाना खाया और रात भी भाई के घर ही रुका। शुक्रवार को दोनों भाई मक्के की फसल के बंटवारे के लिए खेत पर पहुंचे।

बताया जा रहा है कि घनश्याम खेत में ट्रैक्टर पर बैठा था। इसी दौरान चंद्रभान ने पीछे से उसके सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। हमले में घनश्याम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।

हत्या का केस दर्ज, पुलिस कर रही तलाश

कोलारस थाना प्रभारी पुनीत बाजपेई के मुताबिक, शुरुआती जांच में हत्या की वजह जमीन का विवाद सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

शुक्रवार शाम पोस्टमार्टम के बाद घनश्याम का शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *