शराबी बेटे ने बाप को लाठियों से बुरी तरह पीटा,बेटा बोलता है कि उससे भेदभाव किया जाता है

शिवपुरी। बैराड़ थाना क्षेत्र के ऊंची खरई गांव में गुरुवार रात घरेलू विवाद के दौरान एक युवक ने अपने 55 वर्षीय पिता के साथ लाठियों से मारपीट कर दी। घटना में घायल पिता को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित पिता ने आरोप लगाया कि उनका बेटा शराब के नशे में था और दोस्तों के बहकावे में आकर उसने उनके साथ मारपीट की।
पीड़ित ब्रजमोहन जाटव (55), पिता प्रभु जाटव ने बताया कि उनका बेटा विक्की (28) शराब का आदी है। उनके अनुसार, विक्की के दोस्त उसे यह कहकर भड़काते हैं कि पिता उसके साथ भेदभाव करते हैं और अन्य बेटों का पक्ष लेते हैं।
ब्रजमोहन के मुताबिक, गुरुवार रात इसी बात को लेकर विक्की ने उनसे विवाद शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर उसने लाठियों से पिता के साथ मारपीट कर दी, जिससे ब्रजमोहन घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
पिता बोले- युवाओं को आसानी से मिल रही कच्ची शराब
घायल ब्रजमोहन ने गांव में कच्ची शराब की कथित बिक्री पर भी चिंता जताई। उनका आरोप है कि डाबरपुरा की कंजर बस्ती में कुछ लोग कच्ची शराब बनाते हैं, जिसके कारण गांव के युवाओं को आसानी से शराब उपलब्ध हो रही है और कई युवा नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं।
पीड़ित ने प्रशासन से गांव और आसपास के क्षेत्रों में कच्ची शराब की बिक्री पर कार्रवाई करने की मांग की है।
