1005617088

बड़ी खबर: शराब कंपनी के मैनेजर की गोली मारकर हत्या, बॉबी ने पिस्टल निकालकर दी और अंकित ने गोली मार दी

1005617088

नरवर। शिवपुरी जिले के नरवर में शराब कंपनी के 31 वर्षीय मैनेजर पंकज राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात मंगलवार 18 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे लोढ़ी माता मंदिर के सामने स्थित कंपनी के कार्यालय के बाहर हुई। गोली लगने के बाद पंकज को गंभीर हालत में ग्वालियर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

पंकज राय मूल रूप से ग्वालियर जिले के डबरा के रहने वाले थे और नरवर क्षेत्र में रचना राय की शराब ठेका कंपनी में मैनेजर के तौर पर काम कर रहे थे।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात पंकज कंपनी के कार्यालय के बाहर अपनी कार में बैठे थे। इसी दौरान वहां कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे। आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद हुआ और इसी बीच पिस्टल से पंकज को गोली मार दी गई।

गोली लगने से पंकज गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और अन्य लोग उन्हें उपचार के लिए ग्वालियर लेकर रवाना हुए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। बुधवार को ग्वालियर में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

भाई ने कैशियर और कर्मचारी पर लगाए आरोप
मृतक के भाई हर्षित राय ने नरवर थाने में शिकायत देकर कंपनी के कैशियर बॉबी राय और कर्मचारी अंकित ठाकुर पर हत्या का आरोप लगाया है।

हर्षित के मुताबिक, दोनों कथित तौर पर पुरानी रंजिश को लेकर पंकज के पास पहुंचे थे। आरोप है कि दोनों के बीच गाली-गलौज और विवाद हुआ। इसी दौरान बॉबी राय ने अपनी पिस्टल अंकित ठाकुर को दी और गोली चलाने को कहा। इसके बाद अंकित ने पंकज को गोली मार दी।

हालांकि, हत्या के इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है और घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

पिस्टल लाइसेंसी थी या नहीं, पुलिस कर रही जांच

पुलिस अब वारदात में इस्तेमाल हथियार की तलाश के साथ यह भी पता लगा रही है कि पिस्टल लाइसेंसी थी या नहीं। इसके अलावा घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों, विवाद की वजह और दोनों आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

नरवर थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह के अनुसार, पंकज के परिजन बुधवार दोपहर थाने पहुंचे और शिकायत दी है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *