HAPPY DAY’S स्कूल में रणवीर बने मास्साब: बच्चों को पढ़ाए यातायात के पाठ, बताए हेलमेट के फायदे

शिवपुरी। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शिवपुरी यातायात पुलिस द्वारा हैप्पी डेज स्कूल में यातायात पाठशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उन्हें सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों और सावधानियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरडी प्रजापति के मार्गदर्शन में किया गया। यातायात पुलिस ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों के साथ रहवीर योजना, हिट एंड रन योजना और पीएम राहत योजना के बारे में भी विस्तार से बताया।
हेलमेट को लेकर छात्रों को किया जागरूक
यातायात पुलिस ने विद्यार्थियों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की उपयोगिता समझाई। पुलिस ने दुर्घटनाओं के आंकड़े बताते हुए कहा कि हेलमेट की अनदेखी कई बार जानलेवा साबित हो सकती है।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2025 में शिवपुरी जिले में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने से जुड़ी 410 सड़क दुर्घटनाओं में 67 लोगों की मौत हुई। वहीं, 1 जनवरी 2026 से जुलाई 2026 तक जिले में हुई 223 सड़क दुर्घटनाओं में बिना हेलमेट के 61 लोगों की जान गई।
इन आंकड़ों के जरिए छात्रों को सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीर रहने और स्वयं हेलमेट पहनने के साथ अपने परिवार के सदस्यों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की गई।
छात्रों से नियमों का पालन करने की अपील
यातायात पुलिस ने विद्यार्थियों को बताया कि सड़क पर वाहन चलाते समय गति सीमा, हेलमेट, सीट बेल्ट, यातायात संकेतों और अन्य नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। दुर्घटना होने की स्थिति में घायलों की तत्काल मदद और मेडिकल सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान यातायात प्रभारी रणवीर सिंह यादव, हैप्पी डेज स्कूल की डायरेक्टर श्रीमती गीता दीवान, प्रिंसिपल अंजू शर्मा सहित स्कूल के छात्र-छात्राएं और स्टाफ मौजूद रहा।
