1005616893

ITI से गायब नंदनी ने शादी का वीडियो वायरल किया, बोली अपनी मर्जी से भागी हूं, प्रेमी से शादी कर ली

1005616893

शिवपुरी। शिवपुरी के आईटीआई कॉलेज हॉस्टल से 10 अगस्त को लापता हुई 19 वर्षीय छात्रा नंदनी लोधी का अब वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में नंदनी दुल्हन के रूप में दिखाई दे रही है। वीडियो में उसने दावा किया है कि उसने अपनी मर्जी से शिवम साहू के साथ इंदौर में शादी कर ली है।

छात्रा के इस वीडियो के सामने आने के बाद उसके परिजनों और पुलिस के सामने मामले की तस्वीर बदल गई है।

मुहारीकलां गांव निवासी जागेश कुमार लोधी की 19 वर्षीय बहन नंदनी शिवपुरी आईटीआई कॉलेज में कंप्यूटर डिप्लोमा की पढ़ाई कर रही थी और हॉस्टल में रह रही थी। परिजनों के मुताबिक, 10 अगस्त को नंदनी ने हॉस्टल वार्डन से दो दिन की छुट्टी ली और अपना सामान लेकर हॉस्टल से निकल गई।

इसके अगले दिन 11 अगस्त को नंदनी ने एक अनजान नंबर से अपने भाई जागेश को फोन किया। बातचीत में उसने बताया कि वह प्रैक्टिकल परीक्षा देने के लिए पिछोर जा रही है। जब वह परीक्षा देने नहीं पहुंची और बाद में उसका मोबाइल बंद आने लगा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।

तलाश के बाद दर्ज कराई गई गुमशुदगी
परिजनों ने रिश्तेदारों, दोस्तों और नंदनी की सहेलियों से संपर्क कर उसके बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने खनियांधाना थाने में नंदनी की गुमशुदगी दर्ज कराई।

पुलिस भी छात्रा की तलाश में जुट गई और उसकी जानकारी जुटाने के लिए तकनीकी साक्ष्यों तथा कॉल डिटेल सहित अन्य माध्यमों की मदद ली गई।

दुल्हन के रूप में सामने आया वीडियो
इसी बीच सोशल मीडिया पर नंदनी का एक वीडियो सामने आया। वीडियो में वह दुल्हन के रूप में दिखाई दे रही है और अपने बारे में जानकारी देती नजर आ रही है।

वीडियो में नंदनी ने दावा किया कि उसने अपनी इच्छा से शिवम साहू के साथ विवाह किया है और दोनों इंदौर में हैं। उसने अपने परिवार से अपील करते हुए कहा कि उसकी तलाश न की जाए और उसके पति या उसके परिवार को परेशान न किया जाए।

अब पुलिस जांच में सामने आएगा पूरा सच

नंदनी के वीडियो के सामने आने के बाद उसके लापता होने के मामले में नया मोड़ आ गया है। अब पुलिस वीडियो की सत्यता, छात्रा की मौजूदगी और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि करने के लिए आगे की जांच कर सकती है।

फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में नंदनी द्वारा कही गई बातों के आधार पर ही उसकी शादी और सुरक्षित होने का दावा सामने आया है। अब पुलिस युवती को बुलाकर उसके बयान लेने के प्रयास में जुटी हुई है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *