संदिग्ध परिस्थिति में महिला की मौत: पति बोला हत्या की गई है, हादसा बता रहे है

शिवपुरी। जिले के सेवढ़ा गांव में 50 वर्षीय आदिवासी महिला गुड्डी बाई की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। महिला को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला के पति राधाकिशन ने गांव के मुकेश धाकड़ पर उनकी पत्नी को जबरदस्ती खेत पर मजदूरी के लिए ले जाने और बाद में हत्या कर मौत को हादसा दिखाने का आरोप लगाया है।
मामले को लेकर परिजन 19 अगस्त को पोस्टमार्टम से पहले पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और मुकेश धाकड़ के खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज करने की मांग की।
मना करने के बावजूद महिला को साथ ले जाने का आरोप
मृतका के पति के दामाद करन आदिवासी के अनुसार, 18 अगस्त की सुबह करीब 9 बजे मुकेश धाकड़ उनके घर आया था। उसने गुड्डी बाई को खेत पर काम करने के लिए साथ चलने को कहा। परिजनों द्वारा मना किए जाने के बावजूद आरोप है कि मुकेश गुड्डी बाई को अपने साथ खेत पर ले गया।
शाम करीब 5 बजे तक गुड्डी बाई घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। आरोप है कि बाद में मुकेश धाकड़ ही उन्हें मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचा और उनके नातियों को तबीयत खराब होने की सूचना देकर अस्पताल बुलाया। जब परिजन अस्पताल पहुंचे, तब तक गुड्डी बाई की मौत हो चुकी थी।
पति ने लगाया हत्या का आरोप
गुड्डी बाई के पति राधाकिशन का आरोप है कि उनकी पत्नी की हत्या की गई है और घटना को हादसे का रूप देने का प्रयास किया गया। परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर हत्या का प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।
पुलिस ने मर्ग कायम किया, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सुभाषपुरा थाना प्रभारी अरविंद चौहान ने बताया कि महिला की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। खेत मालिक ही महिला को तत्काल मेडिकल कॉलेज लेकर गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी के अनुसार, परिजनों को मंगलवार शाम ही घटना की जानकारी दे दी गई थी।
पुलिस के मुताबिक, पहली नजर में महिला की मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका लग रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
