1005604945

साइबर ठगी का नया तरीका: कोरियर पहुंचाने के बहाने रिटायर्ड प्राचार्य से 50 हजार की ठगी

1005604945

शिवपुरी। करैरा में साइबर ठगी का नया मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने कोरियर डिलीवरी के बहाने 64 वर्षीय रिटायर्ड प्राचार्य को निशाना बनाया और प्ले स्टोर से फर्जी ऐप डाउनलोड करवाकर उनके बैंक खाते से 50 हजार रुपए निकाल लिए। मोबाइल हैक होने के बाद पीड़ित को ठगी का पता चला। शिकायत पर करैरा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोरियर नहीं पहुंचा तो ठग का आया फोन

करैरा के घड़ियाली मोहल्ला, बिहारी गंज निवासी रिटायर्ड प्राचार्य अरविंद कुमार त्रिपाठी ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी के लिए ऑनलाइन दवाएं मंगाते हैं। 11 अगस्त को दवा का कोरियर घर नहीं पहुंचा। उन्होंने संबंधित कोरियर कंपनी से दो बार फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं हो सकी।

कुछ घंटे बाद उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया। उसने खुद को कोरियर कंपनी का कर्मचारी बताते हुए कहा कि पता अपडेट नहीं होने के कारण कोरियर की डिलीवरी नहीं हो सकी है।

प्ले स्टोर से डाउनलोड कराया फर्जी ऐप

आरोपी ने अरविंद त्रिपाठी को पता अपडेट करने के लिए प्ले स्टोर से एक ऐप डाउनलोड करने को कहा। ऐप प्ले स्टोर पर उपलब्ध होने के कारण उन्हें उस पर भरोसा हो गया और उन्होंने ऐप डाउनलोड कर लिया।

पीड़ित के मुताबिक, आरोपी ने ऐप के जरिए उनसे केवल पता अपडेट करने की प्रक्रिया पूरी करवाई। इसके बाद फोन पर बातचीत समाप्त हो गई।

मोबाइल हुआ हैक, खाते से निकले 50 हजार

इसी शाम अचानक उनका मोबाइल हैक हो गया। कुछ समय बाद मोबाइल सामान्य हुआ तो उन्होंने बैंक खाते की जांच की। पता चला कि खाते से 50 हजार रुपए निकाले जा चुके हैं।

ठगी का पता चलते ही उन्होंने तत्काल मोबाइल से अपनी सिम निकाल दी, जिससे खाते से और रकम निकलने से बच गई।

पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत करैरा थाना पुलिस में दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर साइबर ठगी के इस मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *