1005604461

हरियाली तीज पर सोलह श्रृंगार में सजी महिलाओं ने मनाया हरियाली महोत्सव

1005604461

शिवपुरी। महिला पतंजलि योग समिति द्वारा रविवार को पटेल पार्क में हरियाली महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन हर्षोल्लास और उमंग के साथ किया गया। सावन की हरियाली, महिलाओं का सोलह श्रृंगार, पारंपरिक परिधान और लोक संस्कृति की रंग-बिरंगी छटा ने पूरे पार्क को उत्सवी माहौल से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रभारी नमिता गोयल के नेतृत्व में किया गया। महिला पतंजलि योग समिति की कार्यकारिणी, योग शिक्षिका बहनों और योग साधक बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाया।

झूला, लोकगीत और नृत्य ने बांधा समां

हरियाली तीज के अवसर पर महिलाओं ने सोलह श्रृंगार कर पारंपरिक परिधानों में कार्यक्रम में हिस्सा लिया। महिलाओं ने झूला झूलने के साथ लोकगीतों और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लिया। कार्यक्रम में आयोजित खेल एवं प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम में विशेष रंग जमा दिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी महिलाओं ने सामूहिक रूप से स्वल्पाहार का आनंद लिया।

अतिथियों ने की आयोजन की सराहना

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, पूर्व भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष सीमा शिवहरे एवं वरिष्ठ पत्रकार मणिका शर्मा अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अतिथियों ने महिलाओं के उत्साह और आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और आपसी प्रेम-सौहार्द को मजबूत करने का कार्य करते हैं।

महिला पतंजलि योग समिति के इस आयोजन ने हरियाली तीज के पारंपरिक उल्लास को सामाजिक सहभागिता से जोड़ते हुए महिलाओं को एक साथ खुशियां साझा करने और भारतीय संस्कृति से जुड़ने का अवसर दिया। सावन की हरियाली और सोलह श्रृंगार से सजा यह हरियाली महोत्सव सभी के लिए यादगार बन गया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *