1005604810

शिवपुरी में रिहायशी इलाके के पास सिंधिया छत्री की दीवार पर दिखा तेंदुआ, मॉर्निंग वॉक करने वालों में दहशत

1005604810

शिवपुरी। शहर के बाजा हाउस के पास स्थित सिंधिया छत्री की दीवार पर रविवार सुबह तेंदुआ दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। तेंदुए के दीवार पर बैठे होने का वीडियो भी सामने आया है। रिहायशी इलाके के नजदीक वन्यजीव की मौजूदगी से स्थानीय लोगों के साथ-साथ सुबह मॉर्निंग वॉक करने वालों में भी चिंता बढ़ गई है।

बताया गया है कि दो बत्ती चौराहे से बाजा हाउस तक सुबह के समय बड़ी संख्या में लोग मॉर्निंग वॉक के लिए निकलते हैं। ऐसे में सिंधिया छत्री की दीवार पर तेंदुआ दिखाई देने के बाद लोगों में डर का माहौल है।

माधव टाइगर रिजर्व से सटा है इलाका

बाजा हाउस और सिंधिया छत्री का क्षेत्र माधव टाइगर रिजर्व से सटा हुआ है। इसके चलते आसपास के इलाकों में पहले भी तेंदुए सहित अन्य वन्यजीवों की आवाजाही देखी जाती रही है। हालांकि, इस बार तेंदुआ शहर के आबादी वाले क्षेत्र के बेहद करीब नजर आया है।

नॉन कोल्हू और झांसी लिंक रोड पर भी दिख चुका है तेंदुआ

इससे पहले नॉन कोल्हू की पुलिया और झांसी लिंक रोड के आसपास भी तेंदुए की मौजूदगी सामने आ चुकी है। इन क्षेत्रों में तेंदुआ दिखाई देने के बाद वन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी थी।

वन विभाग की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वन्यजीव दिखाई देने पर उसके करीब न जाएं और भीड़ लगाकर उसे घेरने या पकड़ने का प्रयास न करें। सिंधिया छत्री के पास तेंदुआ दिखाई देने के बाद आसपास के लोगों और मॉर्निंग वॉक करने वालों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *