1005604496

शराब के नशे में धुत्त युवक ने 6 साल की बेटी को पटक पटक कर मार डाला, पत्नी से विवाद के बाद गुस्से में था

1005604496

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के छर्च थाना क्षेत्र के श्यामपुरा गांव में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। शराब के नशे में पत्नी से विवाद के बाद एक व्यक्ति ने गुस्से में अपनी 6 साल की बेटी को कथित तौर पर उठाकर जमीन पर पटक दिया। गंभीर चोट लगने से बच्ची की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, श्यामपुरा गांव निवासी रामबरन आदिवासी शनिवार रात शराब के नशे में घर पहुंचा था। इस दौरान शराब पीने की बात को लेकर उसका पत्नी से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच मारपीट होने लगी। इसके बाद पत्नी अपने एक साल के बेटे को लेकर पड़ोसी गांव जिगनी में रिश्तेदार के घर चली गई।

इसी दौरान रामबरन की 6 वर्षीय बेटी शिवानी आदिवासी पड़ोस में रहने वाले अपने चाचा अखेराज आदिवासी के घर खेल रही थी। आरोप है कि गुस्से में रामबरन अपने भाई के घर पहुंचा और शिवानी को उठाकर जमीन पर पटक दिया। बच्ची के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि इस दौरान रामबरन ने अपने भाई अखेराज और उसकी पत्नी के साथ भी मारपीट की।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही बिगड़ी हालत

घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों के मुताबिक, उस समय शिवानी की सांसें चल रही थीं और उसके सिर व शरीर पर चोट के निशान थे। परिजन बच्ची को रात में इलाज के लिए श्योपुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बच्ची की मौत के बाद परिजन शव लेकर गांव लौट आए। पुलिस ने आरोपी पिता रामबरन आदिवासी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए शिवपुरी मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

पोस्टमार्टम में देरी का परिजनों ने लगाया आरोप

परिजनों का आरोप है कि रविवार सुबह ही पुलिस को बच्ची की मौत की सूचना दे दी गई थी, लेकिन देर शाम तक पोस्टमार्टम नहीं हो सका। उनका कहना है कि श्योपुर से शिवपुरी शव लाने के लिए भी उन्हें वाहन की व्यवस्था नहीं कराई गई।

परिजनों के मुताबिक, परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और उन्हें अपने स्तर पर शव शिवपुरी लाना पड़ा। उनका आरोप है कि रविवार रात मेडिकल कॉलेज परिसर में उन्हें खुले आसमान के नीचे रहने की स्थिति बन गई।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *