रेलवे स्टेशन रोड पर दंपति पर हमला, काली स्कॉर्पियो से आए आरोपियों ने चाकू और लाठियों से पीटा

शिवपुरी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार रात रेलवे स्टेशन रोड स्थित पानी की टंकी के पास एक दंपति पर कार सवार चार युवकों ने कथित तौर पर लाठी और चाकू से हमला कर दिया। हमले में पति के हाथ में 10 टांके आए हैं, जबकि पत्नी के दोनों हाथों में कुल 7 टांके लगे हैं। दोनों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
कृष्णानगर निवासी 21 वर्षीय अनिकेत धाकड़, जो सरकारी अस्पताल में वार्ड बॉय के रूप में कार्यरत हैं, ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी प्रीति धाकड़ के साथ दोस्त सचिन शर्मा की पत्नी की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के लिए बाइक से दो बत्ती चौराहे की ओर जा रहे थे।
अनिकेत के मुताबिक, रात करीब 8:45 बजे रेलवे स्टेशन से पहले पानी की टंकी के पास एक काले रंग की स्कार्पियो खड़ी थी। आरोप है कि कार से चार युवक उतरे और उन्होंने रास्ता रोककर अनिकेत का नाम पूछा। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
अनिकेत ने बताया कि एक युवक ने डंडे से हमला किया, जिससे उसकी पीठ में चोट आई। इसके बाद दूसरे युवक ने चाकू से उसके बाएं हाथ की कलाई पर वार किए। पत्नी प्रीति ने बीच-बचाव किया तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की और चाकू से हमला कर दिया। इससे उसके बाएं हाथ की कलाई और दाहिने हाथ के अंगूठे के पास चोट आई।
इसी दौरान रेलवे स्टेशन की ओर से दो बाइक सवार वहां से गुजरे। उन्हें आता देखकर आरोपी स्कार्पियो में बैठकर कमला हेरिटेज होटल की ओर भाग निकले। अनिकेत का आरोप है कि भागते समय आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
कोतवाली पुलिस ने अनिकेत की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरागों की जांच कर रही है।
पुराने विवाद से जोड़कर साजिश की आशंका
अनिकेत ने कुछ दिन पहले हुए विवाद को लेकर अपनी पड़ोसी महिला पर हमले की साजिश करवाने की आशंका जताई है। बताया गया है कि उक्त महिला आंगनबाड़ी में कार्यरत है और उसने भी अनिकेत के खिलाफ कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, हमले की साजिश में महिला की भूमिका की पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
वहीं, अनिकेत का नाम अस्पताल में वार्ड बॉय की भर्ती कराने के नाम पर पैसे लेने के आरोपों को लेकर भी सामने आ चुका है। अनिकेत ने इन आरोपों से इनकार किया है।
