शिवपुरी ITI हॉस्टल से 19 वर्षीय छात्रा नंदनी लापता, प्रैक्टिकल देने निकली थी, भाई इंतजार करता रहा

शिवपुरी। शिवपुरी के आईटीआई कॉलेज हॉस्टल में रहने वाली 19 वर्षीय छात्रा नंदनी लोधी के लापता होने का मामला सामने आया है। छात्रा 10 अगस्त को दोपहर में हॉस्टल से दो दिन की छुट्टी लेकर प्रैक्टिकल देने के लिए निकली थी, लेकिन इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों की शिकायत पर खनियाधाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मुहारीकला निवासी जागेश कुमार लोधी ने पुलिस को बताया कि उनकी छोटी बहन नंदनी शिवपुरी आईटीआई कॉलेज में कंप्यूटर डिप्लोमा की पढ़ाई कर रही थी और कॉलेज के हॉस्टल में रहती थी। 10 अगस्त को दोपहर करीब 2 बजे वह हॉस्टल से निकली थी।
अगले दिन 11 अगस्त की सुबह करीब 9 बजे नंदनी ने किसी दूसरे मोबाइल नंबर से अपने भाई को फोन कर बताया कि वह पिछोर में प्रैक्टिकल देने आ रही है। भाई दोपहर करीब 1 बजे तक पिछोर में उसका इंतजार करता रहा, लेकिन नंदनी वहां नहीं पहुंची।
इसके बाद भाई शिवपुरी स्थित आईटीआई कॉलेज हॉस्टल पहुंचा, जहां जानकारी मिली कि नंदनी एक दिन पहले ही हॉस्टल से निकल चुकी थी। परिजनों ने शिवपुरी, पिछोर और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
बताया गया है कि नंदनी के पास अपना मोबाइल फोन भी नहीं था। परिजनों की सूचना के बाद पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस छात्रा की तलाश में आसपास के क्षेत्रों और संभावित स्थानों पर जांच कर रही है।
