पिछोर में नहीं थम रहा मूर्तियों का सिलसिला: अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा खंडित, बूधौन में रानी अवंतीबाई की प्रतिमा स्थापित

पिछोर। शिवपुरी जिले के पिछोर विधानसभा क्षेत्र में मूर्तियों की स्थापना और खंडित किए जाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। शनिवार रात खनियाधाना थाना क्षेत्र में सांदीपनि स्कूल के पास लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा को अज्ञात लोगों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह प्रतिमा करीब दो साल पहले स्थापित की गई थी और इससे पहले भी इसे नुकसान पहुंचाया जा चुका है।
प्रतिमा के हाथ से शिवलिंग और तलवार टूटे मिले
मूर्ति क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। 15 अगस्त को समाज के लोगों ने देखा कि प्रतिमा के हाथ में मौजूद शिवलिंग और तलवार टूटकर नीचे पड़े थे। घटना के बाद पाल समाज के लोगों में आक्रोश है।
समाज के लोगों ने अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और क्षतिग्रस्त प्रतिमा को दोबारा स्थापित कराने की मांग की है।
एक तरफ प्रतिमा खंडित, दूसरी तरफ नई प्रतिमा स्थापित
इसी बीच खोड़ चौकी क्षेत्र के बूधौन गांव में वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा स्थापित की गई। वहीं मायापुर थाना क्षेत्र के पड़ौरा गांव में भी रानी अवंतीबाई लोधी का छायाचित्र बड़ी लोहे की फ्रेम पर लगाया गया है। रविवार को वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की जयंती के चलते इन आयोजनों को लेकर क्षेत्र में गतिविधियां बढ़ी हैं।
प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी
मूर्तियों से जुड़ी घटनाओं को देखते हुए पुलिस और प्रशासन तीनों स्थानों पर निगरानी रख रहा है। अधिकारियों का प्रयास है कि किसी भी घटना के कारण क्षेत्र में विवाद या तनाव की स्थिति पैदा न हो।
स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक और सामाजिक महापुरुषों से जुड़ी प्रतिमाओं को लेकर लगातार सामने आ रही घटनाओं पर प्रशासन को सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए।
हाल ही में पड़ोसी चंदेरी विधानसभा क्षेत्र में मूर्ति हटाने को लेकर विवाद की स्थिति बनी थी। ऐसे में पिछोर क्षेत्र में सामने आई इन घटनाओं को लेकर प्रशासन भी सतर्क है।
