बर्तन बेचने के बहाने घरों में घुसीं महिलाएं, सम्मोहित कर जेवर-नकदी चोरी का आरोप; 10-12 महिलाओं ने थाने में की शिकायत

नरवर। शिवपुरी जिले के नरवर थाना क्षेत्र के मगरौनी में बर्तन बेचने के बहाने घरों में घुसकर महिलाओं को कथित रूप से सम्मोहित कर नकदी और जेवरात चोरी करने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर क्षेत्र की करीब 10 से 12 महिलाओं ने पुलिस से शिकायत की है।
बर्तन दिखाने के बहाने घर में घुसने का आरोप
पीड़ित महिला कीर्ति बाथम के अनुसार, 15 अगस्त को दोपहर करीब 1 बजे कुछ महिलाएं उनके घर बर्तन बेचने के लिए पहुंचीं। आरोप है कि बर्तन दिखाने के बहाने महिलाएं घर के अंदर आ गईं। इसके बाद परिवार की महिलाओं का दावा है कि उन्हें किसी दवा या अन्य तरीके से कथित तौर पर वश में कर लिया गया।
पीड़ितों के मुताबिक, इसके बाद घर में रखी नकदी के अलावा कानों के टॉप्स, पायल, मंगलसूत्र, पुतरी, तोड़िया और विजिया सहित अन्य जेवरात चोरी कर लिए गए। घटना के बाद आरोपी महिलाएं मौके से फरार हो गईं।
10-12 महिलाओं ने एक साथ पहुंचकर दिया आवेदन
कीर्ति बाथम ने बताया कि इसी तरह की शिकायत केवल उनके परिवार की नहीं है। मगरौनी क्षेत्र की करीब 10 से 12 अन्य महिलाएं भी सामने आई हैं। सभी महिलाएं शनिवार को नरवर थाने पहुंचीं और पुलिस को सामूहिक रूप से आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की।
महिलाओं ने पुलिस से मामले में एफआईआर दर्ज करने, चोरी गए जेवरात और नकदी बरामद कराने के साथ ही सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
नरवर थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि महिलाओं ने शिकायत दी है। पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कथित चोरी की घटना किस तरह हुई और इसमें कौन लोग शामिल हैं।
