अनोखी पहल महिला समिति ने कराई सामान्य ज्ञान एवं चित्रकला प्रतियोगिता, 60 से अधिक बच्चों ने लिया भाग

शिवपुरी। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 16 अगस्त 2026, रविवार को अनोखी पहल महिला समिति द्वारा भारतीय विद्यालय, सोन चिरैया होटल के पास सामान्य ज्ञान एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 60 से अधिक बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कला एवं ज्ञान का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय मजदूर संघ के जिला उपाध्यक्ष करण सिंह शाक्य रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में राजस्व विभाग की रेवेन्यू इंस्पेक्टर छाया धाकड़ एवं भारतीय विद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए पवन कांत माहौर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इसके बाद समिति सदस्यों ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का पुष्पहार से स्वागत किया।
चित्रकला में हर्षित और सामान्य ज्ञान में देव प्रथम
चित्रकला प्रतियोगिता में हर्षित शाक्य ने प्रथम, स्तुति भार्गव ने द्वितीय और दिव्यांशी करारे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में देव शाक्य प्रथम, गरिमा शाक्य द्वितीय और कुश भार्गव तृतीय स्थान पर रहे।
विजेताओं को नगद पुरस्कार से किया सम्मानित
मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा विजेता बच्चों को समिति की ओर से प्रथम पुरस्कार 501 रुपए, द्वितीय पुरस्कार 251 रुपए और तृतीय पुरस्कार 151 रुपए की नगद राशि प्रदान की गई। इसके अलावा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और पेन भेंट किए गए।
कार्यक्रम में समिति की सदस्य हेमलता माहौर, मनीषा शाक्य, सोना चौरसिया, आरती शाक्य, संध्या शाक्य, रानी माहौर, कमलेश उच्चेनिया, ज्योति सिनोरिया, सविता शाक्य और सोनिया चौबे उपस्थित रहीं।
अंत में समिति अध्यक्ष कल्पना सिनोरिया ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, बच्चों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही कार्यक्रम का समापन हुआ।
