1005594331

जमीन को लेकर भाई भाइयों में विवाद: छोटे भाई ने बड़े भाई के सिर में मारी लाठी, गंभीर

1005594331

शिवपुरी। सुरवाया थाना क्षेत्र के धुवानी गांव में जमीन के बंटवारे को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर छोटे भाई ने बड़े भाई पर लाठियों से हमला कर दिया। हमले में बड़े भाई के सिर में गंभीर चोट आई है। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एनसीआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

धुवानी निवासी शिवशंकर प्रजापति के मुताबिक करीब 15 साल पहले दोनों भाइयों के बीच जमीन का बंटवारा हो चुका था। उनका आरोप है कि छोटा भाई काशीराम प्रजापति अब दोबारा जमीन के बंटवारे की मांग को लेकर आए दिन विवाद करता है। शिवशंकर ने यह भी आरोप लगाया कि उनके पिता मुंशीराम प्रजापति भी इस विवाद में काशीराम का पक्ष लेते हैं।

शनिवार दोपहर काशीराम जमीन के दोबारा बंटवारे को लेकर शिवशंकर के बेटे निखिल से गाली-गलौज कर रहा था। शिवशंकर ने बीच-बचाव कर काशीराम को वहां से भगा दिया। आरोप है कि कुछ देर बाद जब शिवशंकर गगौरा की पुलिया के पास से गुजर रहे थे, तभी काशीराम ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और लाठियों से हमला कर दिया। मारपीट में शिवशंकर के सिर में गंभीर चोटें आईं।

शिवशंकर ने काशीराम की पत्नी पर भी जमीन विवाद को लेकर उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि विवाद के चलते काशीराम की पत्नी पूर्व में दो बार आत्महत्या का प्रयास भी कर चुकी है।

घटना के बाद परिजन घायल शिवशंकर को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। सुरवाया थाना पुलिस ने उनकी शिकायत पर काशीराम प्रजापति के खिलाफ गैर-संज्ञेय रिपोर्ट (एनसीआर) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले में दोनों पक्षों के बयानों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *