80 वें स्वतंत्रता दिवस पर बिगड़ी प्रभारी मंत्री की तबियत, कलेक्टर ने पहराया तिरंगा,स्कूली बच्चों की देश प्रेम की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

शिवपुरी। आज शिवपुरी में तिरंगा अपनी पूरी आन बान शान से पहराया, आज भोपाल से जारी आदेश में शिवपुरी के प्रभारी मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर मुख्य आयोजन में झंडा बंधन करने आने थे, परन्तु प्रभारी मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर की तबियत खराब होने के चलते वह शिवपुरी नहीं आ सके, जिसके चलते कलेक्टर अर्पित वर्मा ने शिवपुरी में झंडा बंधन किया।
पूरे जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित हुआ। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने सुबह 9:05 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और कलेक्टर ने संयुक्त परेड का निरीक्षण कर सलामी ली।
समारोह में मुख्य अतिथि का आगमन सुबह 8:58 बजे हुआ, जिसके बाद राष्ट्रगीत का गायन किया गया। ध्वजारोहण के उपरांत पुलिस बल सहित विभिन्न टुकड़ियों ने अनुशासित मार्च पास्ट किया। इस दौरान हर्ष फायर भी किया गया।

परेड को सलामी देते कलेक्टर और एसपी
12 प्लाटून ने किया मार्च पास्ट
संयुक्त परेड में कुल 12 प्लाटून शामिल थीं। परेड का नेतृत्व प्रोबेशनल डीएसपी नितिन धुर्वे ने किया, जबकि 2IC भानु प्रताप यादव ने परेड व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस एवं विभिन्न सुरक्षा बलों की टुकड़ियों ने कदम से कदम मिलाकर मार्च पास्ट करते हुए राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
CM के संदेश का हुआ लाइव प्रसारण
सुबह 9:30 बजे मुख्यमंत्री के स्वतंत्रता दिवस संदेश का लाइव प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री के संदेश के बाद कलेक्टर अर्पित वर्मा ने जिले में हुए विकास कार्यों, शासन की विभिन्न योजनाओं और हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को दिए गए लाभ की जानकारी दी। उन्होंने जिले की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामना संदेश का वाचन किया।
विद्यार्थियों ने दी देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां
समारोह के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान किया गया। इसके बाद स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद लोगों में उत्साह और देशभक्ति का भाव भर दिया।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों, प्रतिभागियों एवं अन्य कर्मियों को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया।

तिरंगे को सलामी देते मुख्य अतिथि कलेक्टर अर्पित वर्मा
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
समारोह में एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया अपने बच्चों के साथ उपस्थित रहीं। कलेक्टर अर्पित वर्मा की पत्नी भी समारोह में शामिल हुईं। इसके अलावा शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्कूली विद्यार्थी और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।
पूरे समारोह के दौरान पुलिस परेड ग्राउंड देशभक्ति के नारों और राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर नजर आया। लोगों ने उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया और देश की एकता, अखंडता एवं प्रगति के लिए अपना संकल्प दोहराया।
