सर्राफा व्यापारियों के बीच पहुंचे सांसद प्रतिनिधि राकेश गुप्ता, झंडा बंधन कर दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं

शिवपुरी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शिवपुरी के सर्राफा व्यापारियों द्वारा देशभक्ति और उत्साह के साथ ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि राकेश गुप्ता को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर उपस्थित सर्राफा व्यापारियों एवं नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
ध्वजारोहण के दौरान राष्ट्रगान के साथ पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से गूंज उठा। कार्यक्रम में सर्राफा व्यापारियों ने मुख्य अतिथि राकेश सांवलदास गुप्ता का सम्मान भी किया। व्यापारियों ने उन्हें पुष्पमाला एवं सम्मान स्वरूप स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया।
इस अवसर पर राकेश गुप्ता ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है। आजादी को बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने सर्राफा व्यापारियों से भी आपसी एकता और सामाजिक जिम्मेदारियों के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
सर्राफा व्यापारियों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व समाज में देशभक्ति, एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी ने राष्ट्रहित में कार्य करने और देश की प्रगति में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सर्राफा व्यापारी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
