भेड़ पालक पर आसमान से गिरी आफ़त, आकाशीय बिजली गिरने के 30 भेड़ों की मौत

शिवपुरी। जिले के पिछोर क्षेत्र के ग्राम चंदूपहाड़ी में शनिवार रात तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। बिजली गिरने से एक भेड़पालक के बाड़े में बंद 30 भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में भेड़पालक को ढाई लाख रुपए से अधिक का आर्थिक नुकसान हुआ है।
ग्राम चंदूपहाड़ी निवासी भेड़पालक हरनाम पाल पिता कल्लू पाल ने बताया कि शनिवार रात क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली उसके बाड़े पर गिरी। बिजली गिरने से बाड़े में मौजूद उसकी 30 भेड़ों की मौत हो गई।
हरनाम पाल के मुताबिक मृत भेड़ों की कीमत ढाई लाख रुपए से अधिक थी। भेड़ पालन ही उसके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन था। अचानक इतनी बड़ी संख्या में भेड़ों की मौत हो जाने से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
प्रशासन की टीम ने किया पंचनामा
घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और मृत भेड़ों का पंचनामा तैयार कर आवश्यक कार्रवाई की। पीड़ित भेड़पालक ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराकर शासन की ओर से उचित आर्थिक सहायता एवं मुआवजा दिलाने की मांग की है।
हरनाम पाल का कहना है कि भेड़ों के चले जाने से उसकी आजीविका प्रभावित हो गई है। ऐसे में यदि शासन से आर्थिक सहायता मिलती है तो परिवार को काफी राहत मिलेगी।
