गोबर डालने को लेकर खूनी संघर्ष: 5 लोग गंभीर घायल, SP से लगाई न्याय की गुहार

शिवपुरी। बैराड़ थाना क्षेत्र के ऐंचबाड़ा गांव में जमीन पर गोबर डालने को लेकर हुए विवाद में शाक्य परिवार के पांच लोग घायल हो गए। घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है। रविवार को घायल पक्ष एसपी कार्यालय पहुंचा और आरोप लगाया कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है। परिवार ने आरोपियों से लगातार धमकी मिलने का भी आरोप लगाया है।
कीरत शाक्य के मुताबिक, गांव में जमीन पर गोबर डालने को लेकर उनका रमेश शर्मा पक्ष से पुराना विवाद चल रहा है। शनिवार शाम करीब 5 बजे वह घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान अरविंद शर्मा, आशीष शर्मा, मनीष शर्मा और शुभम शर्मा सहित अन्य लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने जातिगत गालियां देते हुए लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट में कीरत शाक्य के सिर में लाठी लगने से चोट आई और खून बहने लगा। उन्हें बचाने पहुंचे पिता मंगी शाक्य, मां बैजंती शाक्य और भाई रवि शाक्य के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। वहीं, उनका दूसरा भाई सुघर सिंह डरकर भागने लगा तो आरोप है कि रास्ते में राज शर्मा ने उसे उठाकर पटक दिया, जिससे उसके हाथ में अंदरूनी चोट आई। घटना में परिवार के कुल पांच लोग घायल हुए हैं।
FIR के बाद गिरफ्तारी नहीं होने का आरोप
कीरत शाक्य ने बताया कि घटना के बाद पुलिस में शिकायत की गई और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। इसके बावजूद अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उनका आरोप है कि आरोपी पक्ष लगातार धमकियां दे रहा है, जिससे परिवार में डर का माहौल बना हुआ है। इसी के चलते रविवार को परिवार ने एसपी कार्यालय पहुंचकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग की।
पुलिस ने बताया- क्रॉस FIR दर्ज
बैराड़ थाना प्रभारी सुरेश शर्मा ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई है। शाक्य पक्ष की शिकायत पर एससी-एसटी एक्ट सहित भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी के अनुसार घायलों की मेडिकल रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है। चोटों की गंभीरता सामने आने के बाद जरूरत पड़ने पर प्रकरण में धाराएं बढ़ाई जा सकती हैं।
