1005547489

स्कूल जाते समय हुई मुलाकात, कॉलेज जाते समय गंगा को अशोक से हुआ प्यार; शादी के बाद SP से मांगी सुरक्षा

1005547489

शिवपुरी। जिले के नरवर क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती और 23 वर्षीय युवक ने प्रेम विवाह के बाद परिवार से खतरा बताते हुए पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा की गुहार लगाई है। दोनों का कहना है कि शादी के बाद परिजन उन्हें धमका रहे हैं, जिसके चलते उन्हें अपनी जान-माल की चिंता है।

जानकारी के अनुसार, गंगा कुशवाह पुत्री मोहनलाल कुशवाह उम्र 19 साल निवासी सुल्तानपुर, नरवर स्कूल जाने के दौरान अशोक कुशवाह पुत्र पूरन सिंह कुशवाह उम्र 23 साल निवासी गागौनी कांकर थाना सीहोर के संपर्क में आई थी। अशोक उस समय कॉलेज जाने के लिए इसी रास्ते से गुजरता था। दोनों के बीच धीरे-धीरे जान-पहचान हुई और बाद में यह रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया।

दोनों ने परिवार की सहमति के बिना शादी करने का फैसला लिया। इसके बाद 20 जुलाई को ग्वालियर स्थित आर्य समाज संस्थान में दोनों ने विवाह कर लिया। शादी के बाद दोनों ने अपने रिश्ते और विवाह की जानकारी परिवार को दी।

युवती और युवक का आरोप है कि शादी के बाद उनके परिवार की ओर से उन्हें धमकियां दी जा रही हैं। इसी के चलते दोनों ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी के समक्ष आवेदन देकर सुरक्षा की मांग की है।

दोनों ने अपने आवेदन में हाईकोर्ट के उस आदेश का हवाला दिया है, जिसमें बालिग युवक-युवती को अपनी पसंद से विवाह करने और साथ रहने की स्थिति में सुरक्षा देने की बात कही गई है। उन्होंने एसपी से मांग की है कि उन्हें किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचाने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।

पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाए जाने के बाद अब इस मामले में पुलिस द्वारा आवेदन की जांच कर दोनों पक्षों की स्थिति की जानकारी जुटाई जा रही है। इस मामले में युवती ने बताया है दोनों एक ही जाति के है, फिर भी परिवारजन इस रिश्ते को स्वीकार करने तैयार नहीं है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *