बारिश के बाद शिवपुरी की सड़कों पर वन्यजीवों की बढ़ी हलचल, कही मगरमच्छ तो कहीं रोड किनारे तफरी करते नजर आया तेंदुआ

1005547281

शिवपुरी। शिवपुरी में शुक्रवार देर शाम हुई बारिश के बाद वन्यजीवों की हलचल सड़कों तक पहुंच गई। शहर के स्टेडियम रोड पर देर रात एक विशाल मगरमच्छ सड़क पर घूमता दिखाई दिया। वहीं शनिवार सुबह माधव टाइगर रिजर्व के नरवर-सतनवाड़ा मार्ग पर एक तेंदुआ सड़क किनारे बनी बाउंड्री पर बैठा नजर आया। दोनों घटनाओं के वीडियो राहगीरों ने अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए।

स्टेडियम रोड पर मगरमच्छ देख मची दहशत

शुक्रवार रात स्टेडियम रोड पर उस समय लोगों में दहशत फैल गई, जब एक बड़ा मगरमच्छ सड़क पर घूमता दिखाई दिया। कार से गुजर रहे लोगों ने मगरमच्छ को देखा और उसका वीडियो बना लिया।

बताया गया है कि स्टेडियम रोड के पास स्थित जाधव सागर तालाब में बड़ी संख्या में मगरमच्छ रहते हैं। बारिश के मौसम में तालाब का जलस्तर बढ़ने और पानी के बहाव के चलते मगरमच्छ अक्सर तालाब से निकलकर आसपास के रिहायशी इलाकों और सड़कों तक पहुंच जाते हैं।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, जाधव सागर तालाब से मगरमच्छों के बाहर निकलने को लेकर लंबे समय से चिंता बनी हुई है। पिछले साल भी इसी तालाब से निकले एक मगरमच्छ द्वारा युवक पर हमला किए जाने की घटना सामने आई थी। ऐसे में आबादी वाले क्षेत्र की सड़क पर विशाल मगरमच्छ के पहुंचने से लोगों में डर बढ़ गया है।

नरवर-सतनवाड़ा मार्ग पर बाउंड्री पर बैठा तेंदुआ

इधर, शनिवार सुबह माधव टाइगर रिजर्व के नरवर-सतनवाड़ा मार्ग पर भी वन्यजीव की मौजूदगी ने राहगीरों का ध्यान खींच लिया। जंगल क्षेत्र से होकर गुजरने वाले इस मार्ग पर एक तेंदुआ सड़क किनारे बनी बाउंड्री पर बैठा दिखाई दिया।

अंडरपास से गुजर रहे कार सवारों की नजर तेंदुए पर पड़ी तो उन्होंने अपने वाहन रोक लिए। कुछ देर तक तेंदुआ बाउंड्री पर बैठा रहा, इसी दौरान राहगीरों ने उसका वीडियो मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया।

बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया, जिसके बाद तेजी से वायरल होने लगा। बारिश के बाद एक ही इलाके में मगरमच्छ और तेंदुए की मौजूदगी ने लोगों का ध्यान वन्यजीवों की बढ़ती हलचल की ओर खींचा है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *