ब्लॉक स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया हुनर, उत्कृष्ट प्रदर्शन पर मिला सम्मान

शिवपुरी। शिवपुरी विकासखंड में आयोजित की जा रही ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के क्रम में तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन 7 अगस्त से गुरु नानक इंटरनेशनल स्कूल, रातौर रोड पर शुरू हुआ। प्रतियोगिता में विकासखंड शिवपुरी के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर तैराकी में अपने हुनर का प्रदर्शन किया।
विकासखंड क्रीड़ा प्रभारी विवेकवर्धन शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न आयु वर्गों में तैराकी की अलग-अलग स्पर्धाएं आयोजित की गईं। बालक वर्ग के जूनियर फ्री स्टाइल 50 मीटर में गीता पब्लिक स्कूल के सिंघम धाकड़ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं मिनी वर्ग में गुरु नानक इंटरनेशनल स्कूल के यथार्थ धाकड़ तथा जूनियर बैक स्ट्रोक में इसी विद्यालय के निशांत धाकड़ ने प्रथम स्थान हासिल किया।
बालिका वर्ग में जूनियर फ्री स्टाइल 50 मीटर में गुरु नानक इंटरनेशनल स्कूल की जयंती यादव, 100 मीटर में इसी विद्यालय की हिरका चावला और जूनियर बैक स्ट्रोक में सेंट चार्ल्स स्कूल की अवनी तिवारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मिनी वर्ग में मानवी गुप्ता ने बेहतर प्रदर्शन किया। वहीं मिनी वर्ग की बटरफ्लाई स्पर्धा में श्रुति रावत एवं अवनी राठौर ने प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में हॉलीवूड स्कूल, दून पब्लिक स्कूल सहित विकासखंड के अन्य विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साह के साथ भाग लिया और विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
क्रीड़ा प्रभारी विवेकवर्धन शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता को सफल एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने में संजीव पांडे, पीटीआई दीपक मांझी, बृजेंद्र भार्गव, निखिल श्रीवास्तव, गोलू लोधी एवं सुखबीर सिंह कुशवाहा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
