1005542903

जेल में पदस्थ हेड कांस्टेबल ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या की, परिजन बोले साथी ही ब्लैकमेल कर प्रताड़ित कर रहे थे

1005542903

शिवपुरी। शिवपुरी सर्किल जेल में पदस्थ हेड कांस्टेबल मोहन सिंह बाथम की कथित तौर पर जहरीला पदार्थ पीने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। गंभीर हालत में उन्हें पहले शिवपुरी मेडिकल कॉलेज और बाद में ग्वालियर रेफर किया गया था, जहां शुक्रवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। मामले में परिजनों ने जेल के कुछ कर्मचारियों पर प्रताड़ित करने और करण नामक युवक पर ब्लैकमेल करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

ड्यूटी पर नहीं पहुंचे, तलाश के बाद मिले बेहोश

ग्वालियर निवासी मोहन सिंह बाथम शिवपुरी सर्किल जेल में हेड कांस्टेबल के पद पर पदस्थ थे। गुरुवार सुबह करीब 9 बजे वह घर से निकले थे। दोपहर 12 बजे उनकी ड्यूटी थी, लेकिन समय पर जेल नहीं पहुंचे। इस पर जेल कर्मचारियों ने उनके घर जाकर पत्नी ममता से जानकारी ली। पत्नी ने बताया कि वह सुबह से घर नहीं लौटे हैं। इसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई।

कुछ देर बाद मोहन सिंह इंडस्ट्रियल एरिया में बेहोशी की हालत में मिले। बताया गया कि उन्होंने वाहनों की सफाई में इस्तेमाल होने वाला लिक्विड शाइनर पी लिया था। उन्हें तत्काल शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान शुक्रवार को उनकी मौत हो गई। ग्वालियर में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

बेटे का आरोप- छुट्टी नहीं मिलने से थे परेशान

मृतक के बेटे का आरोप है कि उनके पिता लंबे समय से डिप्रेशन का इलाज करा रहे थे और उन्हें उपचार के लिए छुट्टी की आवश्यकता थी। कई बार अवकाश के लिए आवेदन देने के बावजूद छुट्टी स्वीकृत नहीं की गई। बेटे के अनुसार, उनकी मां ममता ने भी अधिकारियों से छुट्टी मंजूर करने की गुहार लगाई थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।

साथी कर्मचारियों पर प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग का आरोप

परिजनों का आरोप है कि मोहन सिंह अपने जाति प्रमाण पत्र से जुड़े विवाद को लेकर भी मानसिक तनाव में थे। बेटे के अनुसार, जेल के कुछ कर्मचारी इस मामले को लेकर उन्हें लगातार ताने मारते थे। इसके अलावा करण नामक एक युवक भी कथित रूप से इसी मुद्दे को लेकर उन्हें ब्लैकमेल कर रहा था। परिवार का कहना है कि इन परिस्थितियों से परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मर्ग कायम कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *