रेड लाइट एरिया में बिना नंबर की कार ने बाइक को मारी टक्कर, अंदर मिली खुली शराब की बोतल, जमकर हंगामा

शिवपुरी। शहर के देहात थाना क्षेत्र में शनिवार को सड़क हादसे के बाद उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब रेड लाइट एरिया की संकरी गली में एक बिना नंबर की कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार के अंदर शराब की खुली बोतल मिलने और कार सवार युवकों पर नशे में होने के आरोप लगाए गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार को कब्जे में लेकर एक युवक को थाने ले गई।
बाइक में टक्कर के बाद बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार, एक कार रेड लाइट एरिया की संकरी गली से गुजर रही थी। इसी दौरान कार ने एक बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवार ने इसका विरोध किया, जिसके बाद कार में बैठे युवक के नशे में होने को लेकर विवाद शुरू हो गया।
इसी बीच कार के अंदर शराब की खुली बोतल दिखाई देने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और काफी देर तक मौके पर हंगामे की स्थिति बनी रही।
एक युवक मौके से भागा, दूसरा कार में मिला
बताया गया है कि भीड़ बढ़ने के दौरान कार में सवार एक युवक मौके से निकलकर भाग गया, जबकि दूसरा युवक कार के अंदर ही मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार को कब्जे में लेकर युवक को थाने ले गई। कुछ देर बाद कार में सवार दूसरा युवक भी थाने पहुंच गया।
कार मालिक ने खुद कार चलाने की बात कही
थाने पहुंचे युवक ने अपना नाम लव राजपूत बताया। उसने पुलिस को बताया कि कार उसी की है और घटना के समय वह स्वयं कार चला रहा था। युवक के अनुसार, उसके साथ मौजूद दूसरे व्यक्ति ने शराब पी रखी थी।
बिना नंबर प्लेट और काली फिल्म पर चालानी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, घटना को लेकर फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि, कार पर नंबर प्लेट नहीं होने और शीशों पर काली फिल्म लगी होने के चलते पुलिस ने चालानी कार्रवाई की है।
