PWD के SDO का WhatsApp हैक, ठेकेदार से 1.30 लाख की साइबर ठगी

शिवपुरी। जिले के पोहरी में साइबर ठगों ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के एसडीओ का व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर एक ठेकेदार से 1 लाख 30 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी कर ली। आरोपियों ने यूपीआई बंद होने का झांसा देकर पहले बारकोड और बाद में एक मोबाइल नंबर पर चार किश्तों में रकम ट्रांसफर कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पोहरी कस्बे की अंसारी कॉलोनी निवासी ठेकेदार उदय सिंह धाकड़ (39) ने पुलिस को बताया कि 28 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 2 बजे उनके मोबाइल पर PWD के एसडीओ हरिवल्लभ वर्मा के नाम से व्हाट्सएप संदेश आया। संदेश में लिखा था कि नेटवर्क की समस्या के कारण बात नहीं हो पा रही है और उनका यूपीआई ब्लॉक हो गया है। साथ ही एक क्यूआर (बारकोड) भेजकर तत्काल 1 लाख रुपए भेजने का अनुरोध किया गया।
परिचित अधिकारी का संदेश समझकर उदय सिंह ने अपने फोनपे खाते से पहले 40 हजार रुपए, फिर 30 हजार रुपए और उसके बाद 30 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। करीब 10 मिनट बाद फिर 30 हजार रुपए की मांग की गई। इस बार आरोपियों ने बारकोड की लिमिट खत्म होने की बात कहकर 7633065461 नंबर पर, जिस पर ‘गोलू कुमार’ नाम प्रदर्शित हो रहा था, दूसरे बैंक खाते से 30 हजार रुपए ट्रांसफर करा लिए।
कुछ देर बाद उदय सिंह को उनके परिचितों से जानकारी मिली कि एसडीओ हरिवल्लभ वर्मा का व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो गया है और किसी भी तरह का ऑनलाइन भुगतान न करें। तब तक वह अपने दो अलग-अलग बैंक खातों से कुल 1.30 लाख रुपए ट्रांसफर कर चुके थे।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने तत्काल साइबर सेल शिवपुरी को सूचना दी और बाद में पोहरी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 318(4) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस संबंधित बैंक खातों, मोबाइल नंबर और डिजिटल ट्रांजेक्शन की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
