1005540934

जमीन विवाद की पंचायत के बाद बढ़ा तनाव: छत पर चढ़कर हवाई फायर करने का आरोप, चचेरे भाई को दी जान से मारने की धमकी

1005540934

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के सेसई सड़क गांव में जमीन विवाद को लेकर बुलाई गई पंचायत के बाद तनावपूर्ण स्थिति बन गई। आरोप है कि पंचायत में बात नहीं बनने पर एक युवक घर की छत पर बंदूक लेकर चढ़ गया, हवाई फायर किया और अपने चचेरे भाई को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सेसई सड़क निवासी गुरप्रीत सिंह (36) का अपने चचेरे भाइयों योधा सिंह सिख और कुलविंदर सिंह सिख से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। विवाद के समाधान के लिए 6 अगस्त की शाम करीब 5:30 बजे हरजीत सिंह के घर पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत में सुल्तान यादव, सुखप्रीत सहित अन्य ग्रामीण दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास कर रहे थे।

पंचायत के बाद हवाई फायर का आरोप

फरियादी गुरप्रीत सिंह के मुताबिक, पंचायत में सहमति नहीं बनने पर योधा सिंह गुस्से में वहां से चला गया। कुछ देर बाद वह कथित तौर पर अपने घर की छत पर बंदूक लेकर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए गुरप्रीत सिंह को जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि इस दौरान उसने हवाई फायर भी किया, जिससे पंचायत में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना के बाद गुरप्रीत सिंह ने कोलारस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी योधा सिंह के खिलाफ गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और हवाई फायरिंग सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *