तीन बेटियां होने पर आरती को घर से निकाला,घर बालों को बेटा चाहिए था, पर तीन बेटियां हो गई,दो बार गर्भपात भी कराया

शिवपुरी। शहर के देहात थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर मारपीट और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि तीन बेटियां होने के बाद से उस पर बेटे के लिए दबाव बनाया जाता रहा और इसी बात को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया गया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, पति ने सभी आरोपों को निराधार बताया है।
देहात थाना क्षेत्र की गौशाला निवासी आरती ओझा (29) शुक्रवार को अपने मायके पक्ष के लोगों के साथ थाने पहुंचीं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी शादी करीब 9-10 वर्ष पहले संतोष ओझा से हुई थी। दंपती की तीन बेटियां हैं।
बेटा नहीं होने पर प्रताड़ना का आरोप
आरती का आरोप है कि उनके पति संतोष ओझा, ससुर अशोक ओझा, सास अंगूरी बाई ओझा, धर्मेंद्र ओझा, अरुण ओझा और विक्की ओझा छोटी-छोटी बातों पर गाली-गलौज और मारपीट करते थे। उनका कहना है कि ससुराल पक्ष बेटा चाहता था और इसी वजह से उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उनके पति ने दो बार जबरन गर्भपात कराया। इसके अलावा कुछ समय पहले मारपीट कर उन्हें घर से निकाल दिया गया था।
घर में नहीं घुसने दिया, मारपीट का आरोप
आरती के अनुसार, 6 अगस्त की शाम वह अपने मायके वालों के साथ ससुराल पहुंचीं, लेकिन उन्हें घर में प्रवेश नहीं करने दिया गया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गईं। उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उन्होंने देहात थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पति ने आरोपों को बताया झूठा
मामले के दौरान पति संतोष ओझा भी देहात थाने पहुंचे। उन्होंने पत्नी द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को गलत और निराधार बताते हुए पत्नी पर ही आरोप लगाए।
पुलिस ने शुरू की जांच
देहात थाना पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर पति के खिलाफ मारपीट से संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
