कलेक्टर ने की राजस्व विभाग की बड़ी सर्जरी: शिवपुरी जिले में 7 तहसीलदार-नायब तहसीलदारों के तबादले

शिवपुरी। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने प्रशासनिक कार्य सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले के राजस्व विभाग में बड़ा फेरबदल किया है। जारी आदेश के अनुसार जिले के 7 तहसीलदार और नायब तहसीलदारों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
इन अधिकारियों के बदले गए प्रभार
अजय कुमार परसेंडिया को पोहरी/बैराड़ से रन्नौद तहसीलदार बनाया गया। कल्पना शर्मा को शिवपुरी वृत्त सुभाषपुरा-सतनवाड़ा से पोहरी तहसीलदार की जिम्मेदारी सौंपी गई। शिवम उपाध्याय को प्रभारी तहसीलदार पोहरी से शिवपुरी वृत्त सुभाषपुरा-सतनवाड़ा भेजा गया।
शैलेन्द्र भार्गव को करैरा/नरवर से बैराड़ वृत्त गोवर्धन का प्रभार दिया गया। लज्जाराम राजौरिया को करैरा वृत्त दिनारा से करैरा वृत्त सिरसौद भेजा गया। राजेश वत्स को खनियाधाना वृत्त मुहारीकला से करैरा वृत्त दिनारा का दायित्व सौंपा गया। प्रतिपाल तिवारी को जिला कार्यालय से खनियाधाना वृत्त मुहारीकला में पदस्थ किया गया।
कलेक्टर कार्यालय से 6 अगस्त 2026 को जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुचारू बनाने के उद्देश्य से यह फेरबदल किया गया है।
राजस्व विभाग में हुए इस बड़े बदलाव को जिले के प्रशासनिक ढांचे में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
