लालपुर वायरल वीडियो मामला: कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई, शिक्षक निलंबित, दो अतिथि शिक्षकों को हटाने के आदेश

शिवपुरी। करैरा विकासखंड के ग्राम लालपुर में सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो मामले में कलेक्टर अर्पित वर्मा ने सख्त कार्रवाई की है। जांच में शिक्षकीय मर्यादा के विपरीत आचरण की पुष्टि होने पर माध्यमिक शिक्षक राकेश कुमार बाथम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, विद्यालय में पदस्थ अतिथि शिक्षक सुदर्शन श्रीवास्तव और भूपेंद्र कौशल को पद से हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
बताया गया है कि 4 अगस्त की शाम वायरल हुए वीडियो में शिक्षक कथित रूप से नशे की हालत में गांव में अनावश्यक गतिविधियां करते नजर आए थे। वीडियो सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव ने तत्काल मामले की जांच के आदेश दिए। जांच की जिम्मेदारी करैरा बीईओ और उत्कृष्ट उमावि करैरा के प्राचार्य को सौंपी गई।
जांच में सही मिला वायरल वीडियो
5 अगस्त को संयुक्त जांच दल ग्राम लालपुर पहुंचा। जांच के दौरान वायरल वीडियो को सही पाया गया। प्रतिवेदन में उल्लेख किया गया कि संबंधित शिक्षक विद्यालय परिसर में शराब का सेवन करते हैं तथा उनका आचरण शिक्षकीय गरिमा के अनुरूप नहीं है। करैरा बीआरसीसी की अलग से दी गई रिपोर्ट में भी इसी तरह के तथ्य सामने आए।
जांच रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर ने माध्यमिक शिक्षक राकेश कुमार बाथम को निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय बीईओ कार्यालय, खनियांधाना निर्धारित किया गया है। वहीं, डीईओ ने अतिथि शिक्षक सुदर्शन श्रीवास्तव और भूपेंद्र कौशल को हटाने की कार्रवाई के लिए बीईओ करैरा को निर्देश जारी किए हैं।
ग्रामीणों ने भी की थी कार्रवाई की मांग
जांच के दौरान करीब 100 ग्रामीण विद्यालय के बाहर एकत्र हुए और तीनों शिक्षकों को तत्काल हटाने तथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने जांच दल को एक पंचनामा भी सौंपा।
जांच टीम ने ग्रामीणों के कथनों, पंचनामा और विद्यार्थियों के मौखिक बयान दर्ज किए। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि शिक्षकों के इस प्रकार के कथित आचरण की शिकायत पहले भी सामने आती रही है। इन्हीं तथ्यों के आधार पर प्रशासन ने संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की है।
