शिव मंदिर में कथित अभद्रता के आरोपी पर NSA और जिलाबदर की मांग, हिंदू संगठनों ने किया चक्काजाम

शिवपुरी। जिले के कुंवरपुर गांव स्थित शिव मंदिर में कथित अभद्रता के आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर गुरुवार को सकल हिंदू समाज और विभिन्न हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पोहरी चौराहे पर करीब आधे घंटे तक चक्काजाम कर आरोपी को जिलाबदर करने और उसके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत कार्रवाई की मांग उठाई।
इससे पहले बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने एसपी को ज्ञापन सौंपने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उनकी एसपी से मुलाकात नहीं हो सकी और मांगों पर कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने एसपी कार्यालय के बाहर नारेबाजी की।
पोहरी चौराहे पर लगा जाम, वाहनों की लगी कतारें
एसपी कार्यालय से निकलने के बाद प्रदर्शनकारी पोहरी चौराहे पहुंचे और सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर यातायात रोक दिया। करीब आधे घंटे तक चले जाम के दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
अधिकारियों के आश्वासन पर खत्म हुआ आंदोलन
सूचना मिलते ही एसडीओपी सचिन कुमार धुर्वे और कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर नियमानुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।
देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप
हिंदू संगठनों द्वारा दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि 5 अगस्त को कुंवरपुर के प्राचीन शिव मंदिर में आरोपी ने हिंदू देवी-देवताओं के प्रति आपत्तिजनक और अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया, जिससे सनातन धर्म के अनुयायियों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
ज्ञापन में आरोपी को जिलाबदर करने या उसके विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत कार्रवाई करने की मांग की गई है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
थाना प्रभारी बोले- आरोपी को भेजा गया जेल
सिरसौद थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि मामले में आरोपी के खिलाफ पहले ही संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया जा चुका है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
