सोनू शिव मंदिर में जाकर भगवान की मूर्ति से कर रहा था अभद्रता, VIDEO वायरल, FIR दर्ज

शिवपुरी। जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र के कुंवरपुर गांव स्थित एक शिव मंदिर में भगवान शिव और माता पार्वती की मूर्तियों के साथ कथित अभद्रता का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में नाराजगी फैल गई। शिकायत मिलने पर सिरसौद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, कुंवरपुर निवासी रामकुमार शर्मा (21) पुत्र बृजवल्लभ शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई है कि 5 अगस्त की शाम करीब 7 बजे उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो देखा। शिकायत के मुताबिक, वीडियो में गांव का सोनू उर्फ मिठुआ जाटव शिव मंदिर के अंदर भगवान शिव और माता पार्वती के प्रति कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग करता दिखाई दे रहा है। आरोप है कि वीडियो में वह माता पार्वती की मूर्ति पर झाड़ू भी मारता नजर आ रहा है।
धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप
शिकायतकर्ता ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा कि इस घटना से उनकी और समस्त हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। शिकायत के आधार पर सिरसौद थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
वीडियो की जांच करेगी पुलिस
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभिन्न हिंदू संगठनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता और परिस्थितियों की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
