SP के पास आई कल्पना बोली: मेरे पति के हाथ पैर तोड़ दिए, अब आरोपी 13 साल की बेटी से छेड़छाड़ का झूठा आरोप लगाकर राजीनामा का दवाब बना रहे है

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के फतेहपुर निवासी एक महिला ने अपने साथ मारपीट, जान से मारने की धमकी और पति को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की मांग की है। महिला का आरोप है कि मारपीट में उसका पैर फ्रैक्चर हो गया, जिससे वह चलने-फिरने में असमर्थ है।
शिकायती आवेदन के अनुसार, कल्पना ओझा (23) पत्नी राजा ओझा, निवासी फतेहपुर, ने बताया कि उसके पति के खिलाफ पहले से दर्ज एक मामले को लेकर कुछ लोग लगातार उन्हें धमका रहे हैं। महिला का आरोप है कि संजू कुशवाह, मनोज कुशवाह, कुलदीप कुशवाह और केश कुशवाह ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
महिला का कहना है कि मारपीट में उसके शरीर के कई हिस्सों पर चोटें आईं और पैर फ्रैक्चर हो गया। उसने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके छोटे बच्चों के साथ भी धक्का-मुक्की की। घटना के दौरान उसके भाई आकाश ओझा और पड़ोसी निहाल ठाकुर के बीच-बचाव करने की बात भी आवेदन में कही गई है।
आवेदन में महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी उसके पति को झूठे छेड़छाड़ के मामले में फंसाने की धमकी भी दे रहे हैं। उसने बताया कि डर के कारण परिवार लगातार भय के माहौल में रह रहा है।
महिला ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, गिरफ्तारी और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर उपयुक्त धाराएं बढ़ाने की मांग की है।
