1005533603

जिन तेंदुओं को फॉरेस्ट विभाग पकड़ नहीं आया उन दो तेंदुओं को ग्रामीणों ने पकड़ा, जाल में फंसाने चन्दा कर बकरा खरीदकर लाए थे ग्रामीण

1005533603

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के सुरवाया थाना क्षेत्र के हातोद गांव के पास ग्रामीणों ने गुरुवार को वन विभाग और माधव टाइगर रिजर्व की संयुक्त टीम के साथ बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो तेंदुओं का सुरक्षित रेस्क्यू किया। दोनों तेंदुओं को पिंजरे में पकड़ने के बाद उन्हें माधव टाइगर रिजर्व के सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया। पिछले 12 दिनों से हातोद और छोटी हातोद गांव के ग्रामीण तेंदुओं की मौजूदगी से दहशत में थे। रेस्क्यू के बाद गांव में राहत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, माधव टाइगर रिजर्व से लगे हातोद और छोटी हातोद गांव में पिछले कई दिनों से दो तेंदुओं की लगातार आवाजाही देखी जा रही थी। इस दौरान तेंदुओं ने ग्रामीणों की कई बकरियों का शिकार किया, जिससे लोगों में भय का माहौल बन गया। ग्रामीणों का कहना था कि दोनों तेंदुए गांव के पास स्थित पहाड़ी क्षेत्र में डेरा जमाए हुए थे।

ग्रामीणों की शिकायत और वन्यजीवों द्वारा किए गए नुकसान का पंचनामा तैयार होने के बाद वन विभाग ने करीब पांच दिन पहले मौके पर पिंजरा लगाया, लेकिन शुरुआत में तेंदुए उसमें नहीं फंसे। ग्रामीणों बिक्की सरदार के अनुसार, बिना शिकार के तेंदुए पिंजरे के पास नहीं आ रहे थे। एक बार पिंजरे में कुत्ता बांधने का भी प्रयास किया गया, लेकिन तब भी सफलता नहीं मिली।

इसके बाद ग्रामीणों ने आपस में चंदा इकट्ठा कर एक बकरा खरीदा और बुधवार शाम उसे पिंजरे से बांध दिया। बकरे को शिकार समझकर दोनों तेंदुए पिंजरे के भीतर घुस गए और कैद हो गए।

गुरुवार सुबह वन विभाग और माधव टाइगर रिजर्व की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों तेंदुओं का सुरक्षित रेस्क्यू किया और उन्हें माधव टाइगर रिजर्व के जंगल में छोड़ दिया।

वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद हातोद और छोटी हातोद गांव के लोगों ने राहत की सांस ली है। ग्रामीणों का कहना है कि अब वे बिना डर के खेतों में जा सकेंगे और अपने मवेशियों की देखभाल कर पाएंगे।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *