1005527093

शिवपुरी में पूरी रात निकला चेल्लम के ताजियों का पारंपरिक जुलूस, हजारों श्रद्धालुओं ने किए दीदार, करवला में होंगे विसर्जित

1005527093

शिवपुरी। मोहर्रम के अवसर पर शिवपुरी शहर में मंगलवार आधी रात से चेल्लम के ताजियों का पारंपरिक जुलूस श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाला गया। यह जुलूस बुधवार सुबह तक शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरता रहा। पूरी रात हजारों की संख्या में लोग ताजियों के दीदार के लिए सड़कों पर उमड़े रहे, जिससे शहर का माहौल पूरी तरह धार्मिक रंग में रंगा नजर आया।

इस वर्ष शिवपुरी शहर के देहात और फिजिकल थाना क्षेत्रों में छोटे-बड़े करीब 50 ताजिए तैयार किए गए थे। सभी ताजियों को उनके निर्धारित स्थानों से पारंपरिक जुलूस के रूप में निकाला गया और सुबह तक वे माधव चौक पहुंचे। यहां श्रद्धालुओं ने ताजियों के दर्शन किए और धार्मिक परंपराओं का पालन किया।

बैंड, डीजे और ढोल-ताशों से गूंजता रहा शहर

जुलूस को भव्य बनाने के लिए विभिन्न ताजिया कमेटियों ने झांसी, ललितपुर, गुना, साडोरा और ग्वालियर से बैंड पार्टियों को आमंत्रित किया था। कई डीजे भी जुलूस का हिस्सा बने। मुस्लिम युवक पारंपरिक ढोल-ताशों की धुनों पर पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए। पूरी रात शहर के प्रमुख मार्ग बैंड, डीजे और ढोल-ताशों की गूंज से जीवंत बने रहे।

दूर-दराज के शहरों से पहुंचे श्रद्धालु

इस धार्मिक आयोजन में शामिल होने के लिए दिल्ली, मुंबई, झांसी, ग्वालियर, श्योपुर, राजस्थान सहित कई शहरों और जिलों से लोग शिवपुरी पहुंचे। देर रात से लेकर सुबह तक शहर की सड़कों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। लोगों ने ताजियों के दीदार कर धार्मिक आस्था व्यक्त की।

दोपहर तक हुसैन टेकरी पहुंचेंगे ताजिए

आयोजकों के अनुसार सभी ताजिए दोपहर करीब 1:30 बजे हुसैन टेकरी पहुंचेंगे। यहां पारंपरिक धार्मिक रस्मों के बाद ताजियों को करबला में विसर्जित किया जाएगा।

सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

आयोजन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। जुलूस मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा और यातायात व्यवस्था पर भी विशेष निगरानी रखी गई। पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होता रहा।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *