नशे से दूरी है जरूरी 2.0 के बीच शराब के नशे में धुत्त मास्साब पहुंचे स्कूल, पूरे धुत्त दिख रहे है वीडियो वायरल

करैरा। शिवपुरी जिले के करैरा अनुविभाग के ग्राम लालपुर स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को एक शिक्षक के कथित रूप से शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का मामला सामने आया है। शिक्षक की हालत देखकर छात्रों ने अपने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद ग्रामीण स्कूल पहुंच गए और शिक्षक को घेर लिया। इस दौरान घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि माध्यमिक शिक्षक राकेश बाथम नशे की हालत में लड़खड़ाते हुए विद्यालय पहुंचे थे। जब उनसे बच्चों के बीच शराब पीकर आने के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कथित तौर पर कहा, वीडियो बना लो, मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता।
ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण भी किया। उनका दावा है कि स्कूल भवन के पीछे शराब की कई खाली बोतलें मिलीं। वहीं, विद्यालय के अन्य शिक्षकों ने भी बताया कि संबंधित शिक्षक लंबे समय से शराब के नशे में स्कूल आते हैं और इस संबंध में टोके जाने पर विवाद करते हैं।
घटना के बाद ग्रामीणों ने शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि जिस स्थान पर बच्चों का भविष्य संवरता है, वहां इस तरह की घटनाएं शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
करैरा के ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) मुकेश कुमार शर्मा ने बताया कि उन्हें भी शिक्षक के नशे में होने के वीडियो प्राप्त हुए हैं। प्रथम दृष्टया मामला गंभीर प्रतीत हो रहा है। पूरे प्रकरण की जांच कर पंचनामा तैयार किया जाएगा और रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
