सोशल मीडिया से दोस्ती: मैने और पूनम ने शादी कर ली है, अब हमें परेशान किया जा रहा है, सुरक्षा दो

शिवपुरी। जिले के कोलारस तहसील क्षेत्र के एक मामले में प्रेम विवाह करने वाली एक युवती ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को आवेदन देकर अपने, अपने पति और ससुराल पक्ष की सुरक्षा की मांग की है। युवती का कहना है कि उसके मायके पक्ष से उसे और उसके पति के परिवार को जान-माल का खतरा है।
आवेदन के अनुसार, पूनम ओझा, निवासी वार्ड क्रमांक 10, मुख्य मार्ग शाडोरा, जिला अशोकनगर ने बताया कि वह बालिग है और उसने अपनी मर्जी से शिवम छारी (27) निवासी ग्राम बलेहरा, ग्राम पंचायत डहरवारा, तहसील कोलारस, जिला शिवपुरी के साथ बिना किसी दबाव के वैदिक रीति-रिवाज से विवाह किया है। विवाह का पंजीयन भी नागपुर महानगर पालिका में कराया गया है।
युवती ने आवेदन में कहा है कि वह अपने पति के साथ खुशहाल जीवन व्यतीत कर रही है, लेकिन उसके पिता और मामा इस विवाह से नाराज हैं। उनका आरोप है कि परिवार के लोग लगातार धमकियां दे रहे हैं कि उन्होंने उनकी इच्छा के विरुद्ध शादी की है और उन्हें जान से मार देंगे। साथ ही अशोकनगर और ग्राम बलेहरा आकर किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना करने की धमकी भी दी जा रही है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि नागपुर पुलिस की मौजूदगी में वीडियो कॉल के माध्यम से उसने अपने परिजनों को स्पष्ट रूप से बताया था कि उसने अपनी इच्छा से विवाह किया है और अब वह अपने पति के साथ रहना चाहती है। इसके बावजूद परिजनों द्वारा झूठी शिकायतें किए जाने और नुकसान पहुंचाने की आशंका जताई गई है।
युवती ने पुलिस अधीक्षक से अपने, अपने पति और ससुराल पक्ष की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
